'कांग्रेस ऐसे भड़क उठती है जैसे उसे लाल कपड़ा दिखा दिया', खरगे के बयान पर बोले शिवराज
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह उनके पतन के ताबूत में आखिरी कील है.

केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर बड़ा हमला. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मोदी जी का नाम सुनते ही कांग्रेस ऐसे भड़क उठती है, जैसे बैल को लाल कपड़ा दिखा दिया हो. उन्होंने कांग्रेस पर मोदी विरोध में सारी हदें पार करने का आरोप लगाया.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मोदी विरोध में कांग्रेस इतनी अंधी हो गई है कि सोचने, समझने और सुनने की क्षमता ही खो बैठी है. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, समझ शून्य हो गई है और वह फियर व फ्रस्टेशन की शिकार है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भाषा और व्यवहार उसके राजनीतिक पतन की पराकाष्ठा है.
दिवाली को लेकर क्या कहा
केंद्रीय मंत्री चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को न देश की चिंता है, न देशवासियों की और न ही देश की अर्थव्यवस्था की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केवल अपने राजनीतिक एजेंडे की चिंता है. उन्होंने दिवाली के दौरान कारोबार और खरीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापारी चाहते हैं कि उन्हें कारोबार करने दिया जाए, लोग खरीदारी करें और त्योहार की खुशियां मनाएं, लेकिन कांग्रेस अपनी जिद पूरी करना चाहती है.
'कांग्रेस के पतन के ताबूत में आखिरी कील'
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह उनके पतन के ताबूत में आखिरी कील है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी खरगे के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों को राजनीति में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है.
खरगे का बयान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे. इसके जवाब में खरगे ने मोदी का बाप भी जाएगा कहकर बड़ा सियासी बवाल खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें
CJP के आशुतोष रांका को इस IAS अफसर पर आया गुस्सा, कहा- 'याद है, 4 घंटे मुझे इंतजार कराया'






















