Rajasthan Weather Update: राजस्थान में करवट लेगा मौसम! 7 और 8 मार्च को चलेंगी तेज हवाएं, जानें मौसम का पूरा अपडेट
Weather Update: मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 मार्च को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं का दौर चलेगा और मौसम में बदलाव भी देखने को मिलेगा.

Rajasthan Weather News: मार्च महीने की शुरुआत हो चुकी है. आधा फाल्गुन गुजरने के बाद भी अभी तक गुलाबी सर्दी बरकरार है. पश्चिमी राजस्थान में मौसम बार-बार बदल रहा है. हवाओं के कारण सुबह-शाम और रात को सर्दी का अहसास रहता है. मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 मार्च को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं का दौर चलेगा और मौसम में बदलाव भी देखने को मिलेगा.
दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ हो सकता सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद फिर से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. कोटा, अजमेर संभाग के साथ पंजाब और हरियाणा की सीमा से सटे इलाके प्रभवित होंगे. इस दौरान तेज आंधी चलने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी होने के पूरे आसार हैं. उससे पहले कुछ जिलों में तेज हवाओं का दौर चलने की संभावना है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि नमी के असर से कोहरा छाने के साथ ही हल्की सर्दी का असर देखने को मिलेगा.
मौसम में बदलाव की संभावना ने बढ़ाई चिंता
मार्च से मई तक झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी और पिछले साल से ज्यादा असर दिखाई देगा. लेकिन वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार बना हुआ है. उसकी वजह से मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है. खेतों में सरसों, चने, गेहूं की फसल कटकर तैयार है. मौसम में बदलाव की संभावना को देखते हुए अन्नदाताओं की बेचैनी बढ़ रही है. होली तक तापमान में गिरावट के साथ ही सुबह शाम गुलाबी सर्दी का एहसास देखने को मिल सकता है.















