एक्सप्लोरर
Rajasthan Election 2023: चुनाव से पहले उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीली दवाइयों की 5000 बोतलें जब्त, एक गिरफ्तार
Rajasthan Elections: उदयपुर में पुलिस ने आचार संहिता के दौरान कार्रवाई करते हुए देश भर में प्रतिबंधित नशीली दवाईयों की 5000 से ज्यादा बोतलें बरामद की है. साथ ही एक शख्क को गिरफ्तार किया गया है.

(उदयपुर में जब्त की गई नशीली दवाएं)
Source : Vipin solanki
Rajasthan Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव को एक महीने ही रह गया है. राजनीतिक पार्टियों और निर्वाचन विभाग तो एक्टिव है ही साथ में पुलिस भी आचार संहिता के दौरान लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में उदयपुर में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहां पर देश भर में प्रतिबंधित नशीली दवाईयों की बड़ी खेप मिली है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 5000 से ज्यादा बोतले बरामद की है और इसे सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार ये दवाईयां युवाओं में सप्लाई की जाने वाली थी.
जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि, यह कार्रवाई शहर के गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने की है. थानाधिकारी अजय सिंह राव को मुखबिर से सूचना मिली कि, शहर के पास कुराबड़ निवासी प्रकाश पटेल ने गति एक्सप्रेस एंड सप्लाई चेन प्राईवेट लिमिटेड ब्लॉक ए ट्रांसपोर्ट नगर बलीचा के मार्फत नशीली दवाई कोडीन युक्त का माल मंगवाया हैं, जो ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गति ट्रांसपोर्ट ऑफिस पर पड़ा हुआ है. सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और औषधी नियन्त्रण अधिकारी को भी बुलाया गया. गोदाम में चेक किया गया तो 50 कार्टन कोडीन सिरप मिले. इसके बाद गिनती की गई तो 5000 से ज्यादा बोतले निकली. इसमें Codeine phosphate पाया गया जो कि, OPIUM DERIVATIVE है जो एनडीपीएस घटक है.
इस कफ सिरप में होती है अफीम की मात्रा
वहीं जांच में सामने आया कि, पुलिस टीम द्वारा जब्त की गई प्रतिबंधित दवाई कोडीन में अफीम की मात्रा होने से इस दवाई का उपयोग मौजूदा समय में लोग नशे के रूप में करते हैं. अधिकांश शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में लोग इस दवाई का प्रयोग नशे के रूप में कर रहे है, जिससे वर्तमान समय में युवाओं पर काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है. इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक प्रकाश पटेल को गिरफ्तार किया गया है.
और पढ़ें


















