कांग्रेस के आंदोलन पर गजेंद्र शेखावत का तंज, 'अब कॉकरोच पर चढ़कर...'
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के आंदोलन पर तंज कसते हुए कहा कि अब कुछ लोग कॉकरोच पर चढ़कर आंदोलन कर रहे हैं.उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया.

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सोमवार को जोधपुर पहुंचे. एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस के आंदोलन को लेकर शेखावत ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि पहले आंदोलन में कोई हाथी पर चढ़ता है, कोई घोड़े पर और कोई ऊंट पर, लेकिन अब कुछ लोग कॉकरोच पर चढ़कर आंदोलन कर रहे हैं. उनके इस बयान से सियासी माहौल गरमा सकता है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताए जाने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी सरकार की सफलता और विफलता का पैमाना चुनाव होते हैं. उन्होंने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि देशभर में हुए चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है. शेखावत ने कांग्रेस की टिप्पणियों को राजनीतिक और निराधार बताया.
यह भी पढ़ें: 'सलमान माफी मांग लें तो...', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर बिश्नोई महासभा का बड़ा बयान
निकाय चुनाव में 70 फीसदी सीटों पर बीजेपी जीती
राजस्थान के निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा को करीब 70 प्रतिशत निकायों में जीत मिली, जबकि पश्चिमी राजस्थान के 41 निकायों में से 36 में भाजपा विजयी रही. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के आधार पर जनता के रुझान का आकलन किया जा सकता है.
रामलीला मैदान में कांग्रेस के आंदोलन पर निशाना
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के आंदोलन को लेकर शेखावत ने कहा कि आंदोलन करना विपक्ष का अधिकार, कर्तव्य और धर्म है, लेकिन आंदोलन राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति या देश में अराजकता फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों और ताकतों के साथ खड़ी हो रही है, जिन पर वे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाते हैं. शेखावत ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और उसका इस तरह की गतिविधियों से जुड़ना चिंता का विषय है.
कांग्रेस की री-लॉन्चिंग पर भी कसा तंज
कांग्रेस की बार-बार री-लॉन्चिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर शेखावत ने व्यंग्य करते हुए कहा कि हर बार री-लॉन्चिंग होती रहती है और कुछ दिन बाद नए अवतार के साथ फिर री-लॉन्चिंग हो जाएगी.
पश्चिमी राजस्थान में अकाल की आशंका
राजनीतिक हमलों के साथ शेखावत ने पश्चिमी राजस्थान में कम बारिश से पैदा हो रहे हालात पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में अकाल की छाया दिखाई दे रही है. कई गांवों में पेयजल संकट पैदा होने लगा है और पशुधन के सामने चारे की कमी की चुनौती खड़ी है.
उन्होंने जल जीवन मिशन के काम को पटरी पर लाने की जरूरत बताते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है और उन्हें पत्र भी लिखा गया है. शेखावत ने पेयजल व्यवस्था सुधारने, पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और अनुदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई. साथ ही किसानों को फसल खराब होने पर फसल बीमा योजना का लाभ जल्द दिलाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया. शेखावत ने कहा कि प्राकृतिक संकट से निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा, ताकि किसानों, ग्रामीणों और पशुपालकों की परेशानी कम की जा सके.
यह भी पढ़ें: अलवरः बच्चों के बाहर खेलने पर भड़की मां, कैंची से की हत्या, खुद ने भी की खुदकुशी






















