'जेल से बाहर निकालकर पीटना चाहिए', लॉरेंस बिश्नोई को लेकर बोले राज ठाकरे
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. इसके बाद राज ठाकरे ने लॉरेंस बिश्नोई को लेकर बड़ा बयान दिया.

मुंबई के जूहु में टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस तंत्र को सक्रिय कर दिया था. पुलिस ने भी तेजी से जांच करते हुए तीनों हमलावरों को राजस्थान के कोटा शहर से गिरफ्तार किया. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.
वहीं अब लॉरेंस बिश्नोई को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बड़ा बयान दिया. राज ठाकरे ने कहा, "वे कह रहे हैं कि हमने यह किया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो रही है. उसे जेल से बाहर निकालकर पीटना चाहिए. अगर उन्हें किसी का डर नहीं है, तो क्या आप ही उन्हें पाल-पोस रहे हैं?"
गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से खुलेआम हमले की जिम्मेदारी लिए जाने के कारण सरकार की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. सांसद संजय राउत के बाद अब राज ठाकरे ने भी सरकार से सवाल किया है.
लॉरेंस बिश्नोई को लेकर क्या बोले राज ठाकरे?
लॉरेंस बिश्नोई और टाइगर श्रॉफ पर हमले से जुड़े सवाल पर राज ठाकरे ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब देते हुए सत्ताधारियों पर तीखे सवाल उठाए. राज ठाकरे ने कहा, “आज मुझे वह पंक्ति याद आ रही है ‘साबरमती के संत, तूने कर दिया कमाल.” इस तरह उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री पर तंज कसा.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से देखना चाहिए. जब भाजपा विपक्ष में थी, तब अगर ऐसी घटनाएं होतीं तो वह क्या करती? विपक्ष में रहते हुए एक भूमिका और सत्ता में आने के बाद दूसरी भूमिका ऐसा कहते हुए राज ठाकरे ने भाजपा नेताओं को भी घेरा.
देश के नागरिकों में गुस्सा- राज ठाकरे
राज ठाकरे ने कहा कि देश में कानून तो है, लेकिन व्यवस्था नहीं है. उन्होंने कहा, “मुझे मुंबई और महाराष्ट्र पुलिस पर 100 प्रतिशत विश्वास है. वे अपराध दर को शून्य के स्तर पर ला सकते हैं. लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप बंद होना चाहिए.”
राज ठाकरे ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से देश में कई मुद्दे जमा होते जा रहे हैं और लोगों का गुस्सा लंबे समय तक दबा नहीं रह सकता. आज जो खबर सामने आई है, वह इसी स्थिति का एक उदाहरण है.
उन्होंने कहा, “पत्रकारों में भी गुस्सा है, विद्यार्थियों और गृहिणियों में भी गुस्सा है. हर किसी के मन में नाराजगी है और वह बाहर आएगी. कोई यूं ही आग लगाने नहीं निकलता. रावण की लंका भी यूं ही नहीं जली थी.” इस तरह राज ठाकरे ने कहा कि देश के हर नागरिक के मन में गुस्सा है, जो किसी न किसी समय सामने आ सकता है.
'अगर एकनाथ शिंदे को CM बनना है तो BJP से...', रामदास अठावले का बड़ा बयान






















