GRAP-II लागू होते ही दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई अपनी सेवाएं, अब लेगी 40 अतिरिक्त फेरे
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से निपटने और निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए दिल्ली मेट्रो ने GRAP-II लागू होते ही कार्यदिवसों में 20 और अतिरिक्त मेट्रो ट्रिप शुरू की हैं

राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से निपटने और निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए दिल्ली मेट्रो ने अपनी सेवाओं में और इजाफा किया है. ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-II) लागू होने के बाद DMRC ने कार्यदिवसों में 20 और अतिरिक्त मेट्रो ट्रिप शुरू की हैं. इसके साथ ही अब दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर सोमवार से शुक्रवार तक कुल 40 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे.
इससे पहले GRAP-I लागू होने पर मेट्रो ने सभी लाइनों पर रोजाना 20 अतिरिक्त फेरों का संचालन शुरू किया था. अब GRAP-II के अगले चरण के तहत इनकी संख्या दोगुनी कर दी गई है. यानी यात्रियों को अब पहले के मुकाबले अधिक मेट्रो सेवाएं मिलेंगी.
निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन पर जोर
दिल्ली में प्रदूषण की चुनौती के बीच DMRC का यह कदम ज्यादा से ज्यादा लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश है. अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने का मकसद मेट्रो की उपलब्धता बढ़ाना है, ताकि लोग निजी कार और दूसरे वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करना पसंद करें.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ निलंबित! PHQ के सामने प्रोटेस्ट का किया था नेतृत्व
3 नवंबर से लागू हो रही डीएमआरसी की नई व्यवस्था
डीएमआरसी की यह नई व्यवस्था 3 नवंबर से लागू हो रही है. इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक मेट्रो की सभी लाइनों पर अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जाएंगी. कुल 40 अतिरिक्त फेरों के जरिए यात्रियों को सफर के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे और निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी.
मेट्रो सेवाओं में यह बढ़ोतरी फिलहाल कार्यदिवसों के लिए की गई है. नई व्यवस्था के तहत दिल्ली मेट्रो के सभी कॉरिडोर पर अतिरिक्त फेरों का संचालन होगा. DMRC का जोर अधिक से अधिक यात्रियों को सफर की सुविधा देने पर है.
यह भी पढ़ें: 'BJP को कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने की आदत', पंजाब में मची भगदड़ पर बोले सौरभ भारद्वाज






















