नीरज कुमार से ललन सिंह तक, बिहार MLC चुनाव पर संजय झा ने सब बताया
बिहार MLC चुनाव को लेकर संजय झा ने कहा कि सभी सीटों का फीडबैक नीतीश कुमार को दिया गया है. ललन सिंह पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी हित में काम किया है.

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं. इसी बीच JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी के नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में नामांकन के दौरान मिले फीडबैक की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी है. उन्होंने बताया कि सोमवार शाम नीतीश कुमार के साथ बैठक हुई, जिसमें सभी MLC सीटों को लेकर अपडेट साझा किया गया.
संजय झा ने कहा कि जहां-जहां उम्मीदवारों का नामांकन हुआ, वहां पार्टी और गठबंधन के नेता मौजूद रहे. उन्होंने खुद दरभंगा और मुजफ्फरपुर में नामांकन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. इसके अलावा JDU और NDA के अन्य नेता भी अलग-अलग क्षेत्रों में नामांकन में शामिल हुए. बाद में सभी नेताओं ने नीतीश कुमार के साथ बैठक कर चुनावी गतिविधियों और स्थानीय फीडबैक की जानकारी दी.
यह भी पढ़ें- बिहार में फरक्का जल संधि पर क्यों मचा है घमासान? आज से JDU का 'नीतीश संवाद'
आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए चुनाव हो रहा है. इनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक सीट शामिल हैं. इन सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आज यानी 6 अक्टूबर है.
नीरज कुमार समेत JDU के उम्मीदवार मैदान में
JDU ने इन चुनावों के लिए चार उम्मीदवार उतारे हैं. पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार और तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा प्रमुख उम्मीदवार हैं. पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर NDA के भीतर भी चुनावी समन्वय जारी है. सोमवार को नीरज कुमार ने पटना स्नातक सीट से नामांकन दाखिल किया. इसी दिन BJP और अन्य दलों के उम्मीदवारों ने भी अलग-अलग सीटों पर पर्चा भरा.
ललन सिंह पर संजय झा ने क्या कहा
JDU के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय झा ने कहा, “ललन बाबू जो किया, वह पार्टी के लिए बेस्ट इंटरेस्ट का काम उन्होंने किया है, बस अभी इतना ही है.” दरअसल, पटना स्नातक सीट को लेकर JDU के नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के बीच मतभेद सामने आए हैं. इस विवाद को सुलझाने के लिए ललन सिंह ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत की है.
ललन सिंह ने सोमवार को बताया कि उन्होंने अनंत सिंह से नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देने को कहा है और अनंत ने इस पर सहमति जताई है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि अनंत सिंह नीरज कुमार का समर्थन करने के लिए तैयार नहीं हैं.
यह भी पढ़ें- 'इतनी सुरक्षा क्यों?' INDIA अलायंस के प्रोटेस्ट से पहले बोले संजय राउत





















