कैमूर: फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर काम कर रहे 6 एक्स-रे टेक्नीशियन को किया गया बर्खास्त
फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर 6 एक्स-रे टेक्नीशियन जिले के भभुआ, मोहनिया, दुर्गावती, रामपुर सहित छह अस्पतालों में पिछले 2 साल से काम कर रहे थे और सरकारी वेतन का लाभ उठा रहे थे.

कैमूर: जिले में स्वास्थ्य विभाग के फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे 6 एक्स-रे टेक्नीशियन को पद मुक्त कर, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद शुरू कर दी गई है. मिली जानकारी अनुसार फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर यह 6 एक्स-रे टेक्नीशियन जिले के भभुआ, मोहनिया, दुर्गावती, रामपुर सहित छह अस्पतालों में पिछले 2 साल से काम कर रहे थे और सरकारी वेतन का लाभ उठा रहे थे.
दो सालों से अस्पताल में इन्हीं फर्जी टेक्नीशियन की ओर से एक्स-रे मशीन ऑपरेट किया जा रहा था और एक्स-रे रिपोर्ट भी दिया जा रहा था. इस दौरान कैमूर सिविल सर्जन को जब उनकी बहाली पर शक हुआ तो उन्होंने निदेशक प्रमुख लोक नियंत्रण को पत्र भेजा, जिसके जवाब में निदेशक ने नियुक्ति को फर्जी बताया.
इस संबंध में कैमूर सिविल सर्जन डॉक्टर अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि साल 2018 में छह टेक्नीशियन ने फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर जिले के छह विभिन्न प्रखंडों में योगदान दिया, जिसमें मोहनिया, जिला अस्पताल भभुआ, दुर्गावती, रामपुर सहित कुल 6 अस्पतालों शामिल हैं. वहां उनका वेतन भुगतान भी शुरू हो चुका था.
उन्होंने बताया, " मेरे ड्यूटी जॉइन करने के बाद मुझे शक हुआ यह फर्जी हो सकते हैं, तो मैंने इनके संबंध में पुष्टि करने के लिए निदेशक लोक नियंत्रण को पत्र लिखा और सारी स्थिति के बारे में पत्र लिखकर अवगत कराया. जांच के क्रम में उन्होंने पाया कि जो आदेश पत्र निर्गत हुआ था, वहीं फर्जी था. फर्जी पाए गए टेक्नीशियन के लिए निदेशक की तरफ से आदेश मिला है कि उन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाए.
Source: IOCL



























