जन सुराज के डिजिटल हेड देवपालिक गुप्ता का शव मिला, ट्रेन से हुए थे लापता
जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के मुरी में रेलवे ट्रैक के पास मिला. वह ट्रेन से पटना आते समय लापता हुए थे. यूपी के रहने वाले थे.

जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार (27 अक्टूबर, 2026) को झारखंड में रांची के पास मुरी इलाके में रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला है. 31 वर्षीय देवपालिक बीते सोमवार (26 अक्टूबर) को रांची से पटना आने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. इसी दौरान वह मुरी जंक्शन से पहले लापता हो गए थे.
मंगलवार 27 अक्टूबर को उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
देवपालिक गुप्ता ट्रेन नंबर 12366 जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना आ रहे थे. यात्रा के दौरान वह अचानक लापता हो गए. जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह के मुताबिक, उनके लापता होने के बाद रात करीब नौ बजे एफआईआर दर्ज कराई गई थी. पार्टी के लोग लगातार झारखंड सरकार और रांची प्रशासन के संपर्क में थे.
यह भी पढ़ें- बिहार टेंडर घोटाला: 7 IAS अधिकारियों तक पहुंची ED की जांच, बढ़ी हलचल
मुरी में रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
पार्टी के नेताओं के अनुसार, देवपालिक का शव मुरी के पास जंगल वाले इलाके में रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाने की जानकारी दी गई है. हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं है. पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
अत्यंत दुःखद और हम सबके लिए हृदयविदारक सूचना! अभी-अभी सूचना मिली है कि जन सुराज के डिजिटल मीडिया हेड देवपालिक गुप्ता जी का शव जंगल के इलाके से बरामद किया गया है। यह खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। बांकीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान देवपालिक गुप्ता जी और उनकी टीम ने दिन-रात 24 घंटे मेहनत करके भाजपा के नैरेटिव का मजबूती से मुकाबला किया था। उनकी मृत्यु के पीछे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जाँच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई साजिश हुई है, तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। हमारी माँग है कि इस मामले की निष्पक्ष जाँच हो और सच्चाई देश के सामने आए। देवपालिक गुप्ता जी के परिवार, मित्रों और जन सुराज परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएँ। ॐ शांति! 🙏
— CA Anup Maithil (@MaithilAnup) October 27, 2026
IIMC से पढ़ाई, मीडिया में भी किया काम
देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पढ़ाई की थी. वह कई प्रमुख अखबारों, न्यूज चैनलों और डिजिटल पोर्टल के लिए काम कर चुके थे. जन सुराज से जुड़े सोशल मीडिया पेज और डिजिटल अभियानों में भी वह पिछले चार वर्षों से सक्रिय थे.
हमारे सोशल मीडिया "Back End Team Lead" देवपालिक गुप्ता कल दोपहर से "रांची से पटना जनशताब्दी ट्रेन" से लापता थे। रात में 9 बजे FIR दर्ज हुआ.. कल रात से ये News फ्लैश हो रहा है। हम सब भी लगातार कल से झारखंड शासन और रांची प्रशासन के संपर्क में रहे हैं। ~31 वर्षीय देवपालीक, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे, IIMC ग्रेजुएट थे। कई प्रमुख अखबार एवं न्यूज चैनल/ या लल्लनटॉप जैसे पोर्टल के लिए कार्य कर चुके थे। जन सुराज से जुड़े अधिकारिक Page या अन्य सोशल मीडिया कैंपेन के पीछे देवपालिक और उनकी टीम निरंतरता में पिछेल 04 वर्षों से कार्य कर रही थी। कुछ घंटे पहले उनकी बॉडी, रांची के समीप मूरी में रेलवे ट्रैक के नजदीक से बरामद की गई है। पोस्टमार्टम हेतु बॉडी को रांची के RIMS लाया जा रहा है। हमें, हम सब को नहीं पता कि हमारे 'देवपालिक गुप्ता' की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है इसलिए यह आधिकारिक रूप से नहीं कह सकते हैं कि यहां किसी प्रकार की राजनैतिक/ अन्य प्रकार की साजिश हुई है। देवपालिक अगर किसी प्रकार के साजिश (राजनैतिक या गैर राजनैतिक) के शिकार हुए है तो उसकी निष्पक्ष जांच की जाए। मा. मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM जी से आग्रह है कि इस मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच हेतु वरीय अधिकारी को निर्देशित करें। स्वयं @PrashantKishor जी कल रात से ही लगातार हेमंत सोरेन जी सहित झारखंड पुलिस के अन्य वरीय 'पुलिस अधिकारियों' के संपर्क में हैं। हमसब चाहते हैं कि @JharkhandPolice या रांची पुलिस इस्तिमाल को सही से इन्वेस्टिगेट कर ये पता लगा ले कि किन परिस्थितियों में @Devpalik की मौत हुई? हम सब के लिए ये अत्यंत दुःखद और अत्यंत ही हृदयविदारक है। हमारे @jansuraajonline के लिए ये कठिन क्षण है। प्रभु देवपालिक की आत्मा को शांति प्रदान करें 🙏 ॐ शांति 💐
— Kumar Saurabh Singh (@iKumarSaurabh) October 27, 2026
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
जन सुराज संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अनुप मैथिल ने सोशल मीडिया पर देवपालिक की मौत पर दुख जताया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने भी अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिलहाल मौत के कारणों की जानकारी नहीं है. उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराने का आग्रह किया. पार्टी ने कहा है कि मौत के पीछे की परिस्थितियां जांच के बाद ही सामने आएंगी.
यह भी पढ़ें- नीरज कुमार का दावा- मेरी जीत पक्की, अनंत सिंह को बोले- जन सुराज में चले जाएं






















