पटना में दारोगा अभ्यर्थियों का हल्ला बोल, पुलिस ने लगाए कंटीले तार
पटना में 1799 दरोगा पदों की मेंस परीक्षा रद्द होने के विरोध में 10,789 सफल अभ्यर्थी आज गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक प्रदर्शन करेंगे. पुलिस ने बैरिकेडिंग और सुरक्षा बढ़ाई है.

बिहार में 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज सड़क पर उतरेंगे. भर्ती परीक्षा में सफल 10,789 अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से होगी. इसे देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे हैं. उनका आरोप है कि लगातार प्रदर्शन के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई है. इसके बाद अभ्यर्थियों ने धरना स्थल से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है.
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव पर चिराग पासवान का बड़ा बयान, '...तो हमारी पार्टी तैयार है'
गांधी मैदान से शुरू होगा मार्च
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के गांधी मैदान पहुंचने की संभावना है. यहां गेट नंबर-10 से मार्च शुरू करने की योजना है. अभ्यर्थी लोक सेवक आवास तक पहुंचकर अपनी मांग सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने रखने की तैयारी में हैं.
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. अभ्यर्थियों को रोकने के लिए कई जगह कंटीले तार लगाए गए हैं. डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
मेंस रद्द करने का नोटिस वापस लेने की मांग
अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग 1799 पदों की दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द करने का नोटिस वापस लेना है. उनका कहना है कि पीटी परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने मेंस की तैयारी की और परीक्षा में शामिल हुए. मेंस में सफल होने के बाद वे पिछले कई महीनों से शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. अभ्यर्थियों का कहना है कि अब अचानक मेंस परीक्षा रद्द किए जाने से पूरी भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनके सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है. वे परीक्षा रद्द करने के फैसले को वापस लेने और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार: राहत बांटने के दौरान लोगों पर तानी पिस्टल, थानाध्यक्ष सस्पेंड





















