पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने बाबर आज़म को दी सलाह, अपनी अंग्रेजी और व्यक्तित्व में सुधार करें
तनवीर ने बाबर आजम को एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने के लिए सीख दी है और कहा है कि बाबर को अपने व्यक्तित्व और अंग्रेजी में सुधार करना चाहिए. वहीं एक लीडर को समय का पाबंद और व्यवस्थित होना चाहिए क्योंकि खिलाड़ी कप्तान को ही फॉलो करते हैं.

पाकिस्तान के सीमित ओवरों के कप्तान बाबर आजम को इस समय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक माना जाता है. बाबर अक्सर खुद को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की तुलना में देखते हैं. लेकिन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद का मानना है कि खिलाड़ी को अपने व्यक्तित्व पर काम करने की जरूरत है. एक यूट्यूब वीडियो में बोलते हुए, पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज ने कहा कि बाबर को टीम के कप्तान के रूप में मीडिया के साथ संवाद करने की आवश्यकता होगी, और इसलिए उसे अपनी अंग्रेजी में सुधार करने पर भी काम करने की आवश्यकता है.
उन्होंने आगे कहा कि, “अपने व्यक्तित्व में सुधार करने की कोशिश करो. व्यक्तित्व से मेरा मतलब है कि एक व्यक्ति अपने ड्रेसिंग सेंस को बदल सकता है. बाबर आज़म को भी अपनी अंग्रेजी सुधारनी होगी, जो आवश्यक है. जब भी कोई कप्तान बनता है, तो उसे टॉस और मैच के बाद की प्रस्तुति के दौरान बात करनी होती है. इसके अलावा, वह विभिन्न चैनलों पर इंटरव्यू भी देंगे, जिसमें अगल अगल देशों का दौरा भी शामिल है.
तनवीर ने कहा, “एक लीडर को समय का पाबंद और व्यवस्थित होना चाहिए क्योंकि खिलाड़ी कप्तान को ही फॉलो करते हैं. उसे अपना फिटनेस स्तर भी बनाए रखना चाहिए, क्योंकि अगर कप्तान खुद फिट नहीं है, तो वो अन्य खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस में सुधार करने की सलाह नहीं दे सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि, “यह देखना बाकी है कि बाबर किस तरह टीम का नेतृत्व करते है. उन्हें मानसिक रूप से मजबूत होने की जरूरत है क्योंकि प्रदर्शन में भी थोड़ी गिरावट होगी वहीं कप्तान को मीडिया से बहुत आलोचना झेलनी होगी. इसलिए उन्हें आलोचना को सहन करना होगा और उस पर प्रतिक्रिया नहीं देनी होगी. अगर वो प्रतिक्रिया देते हैं, तो उनके लिए चीजें बहुत मुश्किल हो जाएंगी.
उन्होंने आगे कहा, "कप्तानी एक आसान काम नहीं है. हालांकि, मैं बाबर के लिए खुश हूं क्योंकि वह 2015 में डेब्यू करने के बाद केवल पांच साल बाद ही कप्तान बन गए. यदि कोई खिलाड़ी इतने कम समय में कप्तान बनता है, तो यह उसके लिए एक अतिरिक्त उपलब्धि है. "



















