अगर मोहम्मद शमी खेले 2027 का वर्ल्ड कप, ग्लेन मैकग्राथ का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटना पक्का
मोहम्मद शमी के पास 2027 वनडे वर्ल्ड कप में ग्लेन मैकग्राथ का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है. मगर इस रिकॉर्ड को वह तभी तोड़ पाएंगे, जब उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिले.

मोहम्मद शमी ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में अपनी गेंदबाजी से ऐसा कमाल किया था कि हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी थी. बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने वाले शमी अब एक ऐसे रिकॉर्ड के करीब हैं, जिस पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ का कब्जा है. अगर शमी 2027 का वर्ल्ड कप खेलते हैं, तो उनके पास इतिहास रचने का मौका होगा. लेकिन, इसके लिए उन्हें अगले वर्ल्ड कप में भी शानदार गेंदबाजी करनी होगी.
वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ के नाम है. उन्होंने 39 मैचों में 71 विकेट लिए थे. मैकग्राथ ने 1996 से 2007 तक 4 वर्ल्ड कप खेले और अपनी सटीक गेंदबाजी से विरोधी टीमों के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. इतने साल बीतने के बाद भी उनका ये रिकॉर्ड कायम है.
शमी ने कम मैचों में हासिल किए 55 विकेट
मोहम्मद शमी ने वनडे वर्ल्ड कप के 18 मैचों में 55 विकेट लिए हैं. वो मैकग्राथ के रिकॉर्ड से 16 विकेट पीछे हैं. शमी की खास बात ये है कि उन्होंने काफी कम मैचों में इतने विकेट हासिल किए हैं. अगर वो 2027 के वर्ल्ड कप में खेलते हैं, तो उनके पास इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का अच्छा मौका होगा.
2023 वर्ल्ड कप में शमी ने मचाया था धमाल
शमी के लिए 2023 का वर्ल्ड कप यादगार रहा था. उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में 24 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 7 विकेट झटके थे. उनकी इस गेंदबाजी ने भारतीय टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी.
2027 में टूट सकता है मैकग्राथ का रिकॉर्ड
मैकग्राथ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए शमी को 2027 के वर्ल्ड कप में कम से कम 17 विकेट लेने होंगे. अगर वो ऐसा कर लेते हैं, तो वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. लेकिन, अभी ये फिक्स नहीं है कि शमी अगले वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं. ऐसे में फैंस की नजर उनके चयन और प्रदर्शन पर रहेगी.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा के नाम क्रिकेट ये वर्ल्ड रिकॉर्ड, विराट अपने जीवन में कभी नहीं तोड़ पाएंगे






















