IPL 2027 ऑक्शन में एंट्री पर मोहम्मद आमिर ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा
Mohamamd Amir IPL Auction 2027: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर के आईपीएल 2027 की नीलामी में आने की अटकलें हैं. अब आमिर ने खुद इन खबरों पर चुप्पी तोड़ी है.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और अब ब्रिटिश नागरिक बन चुके मोहम्मद आमिर ने IPL 2027 मिनी ऑक्शन में एंट्री लेने की खबरों को खारिज कर दिया है. दरअसल उन्होंने हाल ही में अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (AFL) के ड्राफ्ट में बतौर ब्रिटिश नागरिक अपना नाम दर्ज करवाया था. उसके बाद अफवाहें उड़ने लगीं कि आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में आमिर के नाम पर बोली लग सकती है. हालांकि उन्होंने रिपोर्ट्स को गलत बताकर अफवाहों पर विराम लगा दिया है.
क्रिकबज में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार जब मोहम्मद आमिर से आईपीएल 2027 ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करने के संबंध में सवाल पूछा गया. आमिर ने जवाब में कहा, "नहीं, मैंने अपना नाम रजिस्टर नहीं करवाया है." इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा - मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि IPL से जुड़ी अफवाहें सच नहीं हैं.
Mohammad Amir has clarified through his Tweet that the reports circulating about the IPL are fake. 🚨 https://t.co/8D9p2FC7IG
— Sher 🌄 (@TheNameIsZaryan) November 2, 2026
बताते चलें कि 2008 यानी सबसे पहले सीजन के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में नहीं खेले हैं. अजहर महमूद ब्रिटिश नागरिक के तौर पर 2012, 2013 और 2015 में आईपीएल में खेले थे. पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलना तो दूर, ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन करने की भी अनुमति नहीं है.
मोहम्मद आमिर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 मैच खेले. अपने 159 मैचों के अंतर्राष्ट्रीय करियर में उन्होंने 271 विकेट चटकाए थे. उन्होंने दिसंबर 2024 में दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था. वो उसके बाद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय रहे हैं.
बदल गई है रिटेंशन की डेडलाइन
IPL 2027 के मिनी ऑक्शन की बात करें तो उसका आयोजन 16 दिसंबर को गोवा में होगा. BCCI ने पहले रिटेंशन लिस्ट जारी करने की डेडलाइन 15 नवंबर रखी थी, लेकिन अब तारीख बदलकर 17 नवंबर कर दी गई है. इसके अलावा बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी अब भी नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना चाहते हैं, वे 23 नवंबर तक अपना नाम रजिस्टर करवा सकते हैं.
यह भी पढ़ें:
कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका, 2831 दिन का सूखा करेंगे खत्म

















