हैवानियतः नशे के आदी कलयुगी बेटे ने काट दी मां-बाप की गर्दन, घर में ताला लगा हुआ फरार
बता दें कि हत्याकांड के बाद से ही सतीश लापता है. मृतक के बड़े भाई मुरारी ने सतीश पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है. पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

महराजगंजः यूपी के महराजगंज में हैवानियत की इंतहा पार करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक कलयुगी बेटे ने मां-बाप को फरसे से काटकर मौत के घाट उतार दिया है. मां-बाप की बेरहमी से हत्या करने के बाद से कलयुगी बेटा फरार है. पुलिस ने खून से सनी उसकी शर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा बरामद कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
महराजगंज के कोतवाली क्षेत्र के बरवा फहीम में सोमवार की रात बेटे ने उद्योगपति पिता और मां की फरसे से काटकर हत्या कर दी. उसने उनकी गर्दन पर कई वार किए. इसके बाद घर पर ताला लगाकर भाग निकला. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने क्राइम ब्रांच सहित तीन टीमें लगाई हैं. विश्वनाथ वर्मा (60 वर्ष) चार भाइयों में सबसे छोटे थे. 15 साल पहले उन्होंने ज्योति राइस मिल शुरू की थी. 2010 में मिल बंद हो गई. उसी परिसर में 2014 में डेयरी और सोयाबीन की फैक्ट्री शुरू की.
उनके दो बेटे सतीश, आशीष और बेटी पूनम, अंकिता है. आशीष लखनऊ में पढ़ता है. जबकि बेटी पूनम दिल्ली में काम करती है. अंकिता भी वहीं पढ़ाई कर रही है. सतीश मां-बाप के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि नशे की लत के कारण सतीश नशे का आदी हो गया था. इसी कारण उसका अक्सर घरवालों से विवाद होता रहता था. मंगलवार सुबह डेयरी का मुनीम राममिलन विश्वनाथ के घर पहुंचा, तो गेट पर ताला देखा.
इस पर वो विश्वनाथ के बड़े भाई मुरारी वर्मा के घर पहुंचा. दोनों विश्वनाथ के घर आए. काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई. इस पर मुरारी ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पुलिस पहुंची और ताला तोड़कर घर के भीतर गई, तो अंदर का मंजर हतप्रभ करने वाला था. विश्वनाथ (60) और पत्नी लालती देवी (55) के खून से लतपथ शव कमरे में पड़े थे. हत्याकांड के बाद से ही सतीश लापता है. मुरारी ने सतीश पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है. पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.























