फैजाबाद की जेल में कैदी के बर्थडे मनाने का वीडियो वायरल
वीडियो में बंदी शिवेंद्र जेल में केक काट रहा है और बाकायदा वीडियो भी बनाई जा रही है. हाई सिक्योरटी बैरेक में मोबाइल, बर्थडे केक, चाकू और लाइटर तक मौजूद है. फैज़ाबाद जेल में बर्थडे सिलेब्रेट करने का वीडियो वायरल हुआ तो पेशी पर आए शिवेंद्र सिंह ने जेलर विनय कुमार दुबे पर ही आरोप लगा दिया और बड़ा खुलासा किया.

फैजाबाद: फैजाबाद की जेल में एक कैदी के बर्थडे मनाने का वीडियो वायरल हुआ है. ये जश्न कैदी शिवेंद्र सिंह की जन्मदिन का है, जिसपर हत्या की कोशिश जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं. बकौल शिवेंद्र उसने जेलर को इन सब चीजों के लिए पैसे दिए थे जिसके बाद ये सारी व्यवस्था की गई है. हालांकि जेलर का कहना है कि जब ये बर्थडे मनाया गया तो वो छुट्टी पर थे.

फ़ैज़ाबाद जेल में बंद अपराधी का जन्मदिन का जश्न मनाए जाने के मामले में फ़ैज़ाबाद के डीएम अनिल पाठक का कहना है की वीडियो और घटना की सच्चाई की पड़ताल के लिए एडीएम सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट से जांच कराई जा रही है, इसके दो दिन पहले जेल का सघन निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई थी, घटना अगर जेल की है तो गम्भीर है, जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी.
वीडियो में बंदी शिवेंद्र जेल में केक काट रहा है और बाकायदा वीडियो भी बनाई जा रही है. हाई सिक्योरटी बैरेक में मोबाइल, बर्थडे केक, चाकू और लाइटर तक मौजूद है. फैज़ाबाद जेल में बर्थडे सिलेब्रेट करने का वीडियो वायरल हुआ तो पेशी पर आए शिवेंद्र सिंह ने जेलर विनय कुमार दुबे पर ही आरोप लगा दिया और बड़ा खुलासा किया.

कैदी शिवेंद्र और उसके अधिवक्ता मार्तण्ड प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि जेलर ने एक लाख रुपए लेकर जेल में फोटोयुक्त केक, लाइटर, केक काटने के लिए चाकू मुहैय्या कराया है. उसने ये भी खुलासा किया है कि जेल में पैसे देकर सारी सुविधाएं मिल जाती हैं. यानी जेल में पैसे खर्च करिए और फिर जो चाहिए वो करिए.

इस वीडियो ने फैज़ाबाद जेल पर सवाल खड़े कर दिए है कि आखिर इन दिनों जेलों में हो क्या रहा है. सवाल सिर्फ बर्थडे मनाने का नहीं है बल्कि सवाल ये है कि बर्थडे केक के अंदर हथियार और तमंचा भी तो आ सकता है. फिलहाल जेल प्रशासन ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है. शिवेंद्र सिंह पर 307 और गैंगस्टर के अलावा दर्जनों मुकदमे दर्ज है और वो इन दिनों फैज़ाबाद जेल में बंद है जेल से पेशी पर आए शिवेंद्र ने जेल प्रशासन खासकर जेलर पर यह गंभीर आरोप लगाए हैं.
















