उत्तराखंड: बागेश्वर में प्री-मानसून की दस्तक के बाद से जिला आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों पर पैनी नजर
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में प्री-मानसून की दस्तक के बाद से जिला आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर है. विभाग संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों पर पैनी नजर रखे हुए है.

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में प्री-मानसून की दस्तक के बाद से जिला आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है. जिले में कपकोट ब्लॉक और तहसील आपदा की दृष्टि से सबसे अधिक सवेदनशील है. अमूमन इस तहसील में मानसून के दौरान लैंड स्लाइड, पुलों का टूटना या फिर मोटर मार्ग बंद होने जैसी समस्या देखने को मिलती हैं. वहीं, इस साल जिला प्रशासन के लिए दोहरी चुनौतियां सामने हैं. कोरोना काल के साथ आपदा काल दोनों से ही निपटना है. हालांकि, जिला आपदा प्रबंधन विभाग अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है.
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग को भूस्खलन वाले स्थानों को चिन्हित कर जेबीसी मशीनों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, मुख्य व ग्रामीण मोटर मार्गों के बंद होने की दशा में वैकल्पिक मोटर मार्गों को भी दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है. ग्रामीण अंचलों के पुरुष और महिला दलों के अध्यक्षों के मोबाइल नंबर आपदा प्रबंधन केंद्र में उपलब्ध कर दिए गए हैं. उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपने मोबाइल नंबर भी थानों एवं तहसीलों में उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि आपदा के समय संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा सके. वहीं, स्वयंसेवी संस्थाओं और रेडक्रास सोसायटी से भी आपदा के दौरान सहयोग की अपेक्षा की.
उन्होंने चिकित्सा विभाग को पर्याप्त मात्रा में स्वास्थ्य केंद्रों में जीवन रक्षक दवाइयों, एंबुलेंस की व्यवस्था और पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सा के लिए दवाइयों की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की स्थापना की जा चुकी है. जिसका टेलीफोन नंबर (05963-220197 और 05963-220196 ) भी जारी किया उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से जनपद के संवेदनशील और अति संवेदनशील ग्रामों को चिन्हित कर लिया गया हैं. आपदा के समय वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनपद में हैलीपैड स्थल चयनित कर लिए गए हैं. मुख्य मोटर मार्गों के बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि मोटर मार्गों के अवरूद्ध होने पर जेबीसी, टिप्पर, डोजर, फोकलैंड आदि की समुचित व्यवस्था कर ली गई है.
यह भी पढ़ें:
UP श्रावस्ती जिला न्यायालय में स्क्रीनिंग डयूटी पर तैनात डॉक्टर कोरोना संक्रमित, कोर्ट परिसर सीलSource: IOCL



























