प्रयागराज: डीएम की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने किसानों पर तानी रायफल, वीडियो हुआ वायरल
यूपी के प्रयागराज का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जिसमें होमगार्ड का एक जवान किसानों पर रायफल ताने दिख रहा है. इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

प्रयागराज: अपनी समस्याओं को लेकर डीएम से मिलने की मांग कर रहे किसानों पर डीएम की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड द्वारा राइफल ताने जाने और गोली मारकर चीथड़े उड़ाने की धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है. ज़िम्मेदार अधिकारी इस मामले में बड़ी चूक तो स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन कैमरे पर कोई भी बयान देने से बच रहे हैं. इतना ही नहीं वीडियो में आरोपी होमगार्ड का चेहरा और पूरी घटना साफ़ तौर पर नज़र आने के दो दिन बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
यह घटना तीन सितम्बर को दोपहर करीब बारह बजे शहर से करीब चालीस किलोमीटर दूर बारा तहसील कैम्पस की है. मंगलवार का दिन होने की वजह से डीएम भानु चंद गोस्वामी उस दिन सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत बारा तहसील में बैठे थे. वह जिस कमरे में बैठे थे, वहां भी पुलिस के कई जवानों को तैनात किया गया था. इतना ही नहीं हॉल के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किये गए थे.
दोपहर बारह बजे के करीब गींज गांव के कई किसान डीएम से मुलाकात कर अपनी समस्या के निदान के लिए पहुंचे. इन किसानों का आरोप है कि गांव के जिस हिस्से में यह रहते हैं, वहां पिछले साल ही बिजली के खंभे तो लगा दिए गए हैं, लेकिन बिजली सप्लाई अभी तक शुरू नहीं हो पाई है. इतना ही नहीं आरोप यह भी था कि बिजली सप्लाई के बिना ही कई लोगों को बिल भी भेज दिया गया है. किसान जब डीएम भानु चंद गोस्वामी से मिलने पहुंचे तो वह अंदर दूसरे लोगों से मिल रहे थे. हाल के बाहर खड़े सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया. जब देर ज़्यादा होने लगी तो किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी.
इस पर वहां सुरक्षा में तैनात होमगार्ड्स ने धमकियां देनी शुरू कर दीं. होमगार्ड के एक जवान ने तो बाकायदा अपनी राइफल लोड कर उसे किसानों पर तान दिया. इतना ही नहीं उसने किसानों को राइफल दिखाते हुए कहा कि ज़्यादा चिल्लाने की कोशिश करोगे तो गोली मारकर चीथड़े भी उड़ा दिए जाएंगे. होमगार्ड की इस करतूत का वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है. इस बारे में डीएम भानु चंद गोस्वामी यह तो मानते हैं कि वीडियो उन्होंने भी देखा है लेकिन कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कुछ नहीं कहा.






















