यूपी: विधानसभा उपचुनावों के लिए बीएसपी ने कसी कमर, प्रचार अभियान किया तेज
पार्टी के एक नेता ने बताया कि उपचुनाव के लिये 21 अक्तूबर को होने वाले मतदान को देखते हुये बीएसपी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है.

नई दिल्ली: बीएसपी चीफ मायावती चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं. उन्होंने मंगलवार को एक बैठक की जिसमें महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक शामिल हुए. मायावती ने बैठक में चुनावों और उपचुनावों की तैयारियों के बारे में चर्चा की.
राजस्थान में बीएसपी के सभी छह विधायक कांग्रेस में शामिल होने से नाराज मायावती ने रविवार को पार्टी की प्रदेश इकाई भंग करने के बाद मध्य प्रदेश और कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में पार्टी की संगठनात्मक समीक्षा के लिये पर्यवेक्षकों के साथ अलग अलग बैठक की. सूत्रों के अनुसार मायावती ने पार्टी के राज्यसभा सांसद वीर सिंह को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी है.
लालजी वर्मा की बेटी लड़ेंगी जलालपुर सीट से चुनाव
इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर उपचुनाव के मद्देनजर जलालपुर और गंगोह सीट पर उम्मीदवारों के नाम भी तय कर दिये हैं. सूत्रों ने बताया कि जलालपुर सीट से बीएसपी के वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा की बेटी डा. छाया वर्मा और गंगोह सीट से इरशाद को उम्मीदवार बनाया गया है.

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव वाली टूंडला सीट सहित नौ अन्य सीटों जैदपुर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, घोसी, बलहा, रामपुर, इगलस, लखनऊ कैंट और गोविंद नगर सीट से बीएसपी ने अपने उम्मीदवार पहले ही घोषित कर दिये हैं. चुनाव आयोग ने टूंडला सीट पर उपचुनाव कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं की है, जबकि हमीरपुर सीट पर उपचुनाव के लिये सोमवार को मतदान हो गया है.
पार्टी के एक नेता ने बताया कि उपचुनाव के लिये 21 अक्तूबर को होने वाले मतदान को देखते हुये बीएसपी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है. इस कड़ी में मंगलवार को बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने घोसी में जनसभा की. समझा जाता है कि प्रचार अभियान में मायावती के हिस्सा लेने की संभावनायें नहीं हैं.
उल्लेखनीय है कि बीएसपी ने उपचुनाव में शिरकत नहीं करने की अपनी पूर्व घोषणा को तोड़ते हुये पहली बार विधानसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं.
हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान दर्जन भर सीटों पर विधायकों के सांसद बनने के बाद इन सीटों पर उपचुनाव हो रहा है. आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश की 11 सीटों सहित अन्य राज्यों की 64 विधानसभा सीटों के लिये घोषित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदवारों का 23 सितंबर से नामांकन शुरु हो गया है.

















