नई पार्टी बनाने के अटकलों पर बोले मुलायम सिंह, 'अभी नहीं'
मुलायम ने कहा है कि एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके बेटे हैं लिहाजा उनके साथ उनका आशीर्वाद है लेकिन उनके कई निर्णयों से वह सहमत नहीं हैं.

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने नई पार्टी की तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह कोई पार्टी बनाने नहीं जा रहे हैं.
मुलायम ने लोहिया ट्रस्ट कार्यालय परिसर में आयोजित संवाददता सम्मेलन में कहा है कि वह अभी नयी पार्टी नहीं बनाने जा रहे हैं. अगर इस बारे में कोई सवाल उठा तो संवाददता सम्मेलन कर वह जानकारी दे देंगे. उन्होंने समाजवादी विचारधारा के लोगों से अपील की है कि वह एसपी से जुड़ें.
मुलायम ने कहा है कि एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके बेटे हैं लिहाजा उनके साथ उनका आशीर्वाद है लेकिन उनके कई निर्णयों से वह सहमत नहीं हैं. एक सवाल पर मुलायम ने कहा है कि वही एसपी का नेतृत्व कर रहे हैं.
एसपी संस्थापक मुलायम सिंह ने एक अन्य सवाल पर अखिलेश की आलोचना करते हुए कहा है कि पूर्व सीएम ने विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा नहीं किया. जो व्यक्ति अपनी बात का पक्का नहीं हो और जिसने अपने बाप को धोखा दिया, वह किस्मत का धनी नहीं हो सकता.
इस सवाल पर कि वह अखिलेश के साथ हैं या उनके प्रतिद्वंदी चाचा शिवपाल सिंह यादव के साथ, मुलायम ने कहा मैं समाजवादी पार्टी के साथ हूं. बता दें कि एसपी में अखिलेश विरोधी धड़े के सक्रिय होने और मुलायम द्वारा संवाददता सम्मेलन बुलाये जाने के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि मुलायम आज नई पार्टी बनाने का एलान कर सकते हैं.
Source: IOCL

























