महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: सस्पेंस खत्म, बीजेपी 150 तो शिवसेना 124 सीटों पर ही लड़ेगी चुनाव
इससे पहले तक ये साफ नहीं था कि बीजेपी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. लेकिन आज इसकी तस्वीर बिल्कुल साफ हो गई और सीट बंटवारे का औपचारिक एलान कर दिया गया.

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और शिवसेना में सीटों का बंटवारा आज पूरी तरह से फाइनल हो गया. आज इसका एलान किया गया कि बीजेपी राज्य की 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं शिवसेना को पहले ही 124 सीटे दे दी गई हैं. बाकी बची 14 सीटें सहयोगियों के लिए छोड़ी गई हैं. इसमें से छह सीटों रामदास अठावले की पार्टी के खाते में गई हैं. राज्य में विधानसभा की कुल 288 सीटे हैं.
आज राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान ही सीट बंटवारे का फाइनल आंकड़ा बताया गया. इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि हम प्रचंड बहुमत से चुनकर आएंगे. ऐसा बहुमत मिलेगा जो आज तक किसी को नहीं मिला.
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे चुनावी मैदान में हैं. वे ठाकरे परिवार के पहले ऐसे सदस्य हैं जो विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा चुनाव से मैदान में हैं. आदित्य ठाकरे को लेकर सीएम फडणवीस ने कहा, ''मुझे विश्वास है कि आदित्य ठाकरे बड़े मार्जिन से जीतेंगे और हम उन्हें अपने साथ विधानसभा में देखेंगे.''
टिकट नहीं मिलने से नाराज हो गए नेताओं पर फडणवीस ने कहा, ''जितने भी लोगों ने बगावत की है हम अगले दो दिनों में उनका ग़ुस्सा शांत कर उन्हें मना लेंगे. लेकिन फिर भी अगर कोई नहीं मानता तो हम पूरी ताकत के साथ उसे उसका स्थान दिखा देंगे. अगर वे नहीं माने तो हमारे गठबंधन की किसी भी पार्टी में उन्हें कोई स्थान नहीं मिलेगा.''
Shiv Sena Chief Uddhav Thackeray on 'Aditya Thackeray for CM demands': The first step in politics doesn’t mean that you have to become the Chief Minister of this state. He has just entered politics, this is just the beginning. pic.twitter.com/8xNqfEdDt4
— ANI (@ANI) October 4, 2019
उधर शिवसेना के समर्थक आदित्य ठाकरे को सीएम के रूप में देख रहे हैं. इसपर उद्धव ठाकरे ने कहा, ''राजनीति में पहले कदम का ये मतलब नहीं है कि आपको राज्य का सीएम बनना है. उन्होंने बस अभी शुरुआत की है.'' गौरतलब है कि राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं और इसके नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
यह भी दखें






















