दिल्ली हिंसा: प्रभावित इलाकों का CM केजरीवाल ने लिया जायजा, लोगों से की बात
Delhi Violence: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई हिंसा में 27 लोगों की मौत हुई है और 200 से अधिक जख्मी हैं. घायलों का इलाज दिल्ली के अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है.

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उनके साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह भी थे. मुख्यमंत्री यहां शिव विहार में कुछ देर के लिए रुके और यहां रहने वाले कुछ लोगों से बात भी की.
हाजी सतबीर ने एबीपी न्यूज से बताया कि सीएम ने उनसे मौजूदा स्तिथि के बारे में पूछा. उन्होंने जानना चाहा कि माहौल कैसा है, क्या अब शांति है? क्या काम करते हो? मैंने उन्हें बताया कि मेरी टायर की दुकान है और अब सब ठीक है.
दिल्ली का करावल नगर सबसे ज़्यादा हिंसा प्रभावित जगहों में से एक है. मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और सांसद करावल नगर की 30 फीट रोड, 33 फीट रोड, वेस्ट करावल नगर, मेन पुसता रोड पहुंचे. यहां भी तीनों नेताओं ने लोगों से बात की. मुख्यमंत्री का काफिला सबसे संवेदनशील गलियों तक भी पहुंचा और उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. करावल नगर में सड़कों पर अब भी जगह जगह पर पत्थरबाजी, हिंसा और आगजनी के निशान मौजूद हैं.
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के करावल नगर इलाके में अभी भी हिंसा हो रही है और बीजेपी नेता बीजेपी के नेता कपिल मिश्रा इस हिंसा के लिए ज़िम्मेदार हैं. उन्होंने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी ट्वीट किया जिसमें कपिल मिश्रा दिल्ली पुलिस के सामने तीन दिन का अल्टीमेटम देते देखे जा सकते हैं.
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में नागरिकता कानून को लेकर भड़की हिंसा में 27 लोगों की मौत हुई है और 200 से अधिक लोग जख्मी हैं. इस मामले में अब तक 106 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 18 एफआईआर दर्ज की गई है. साथ ही मुश्किल में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर- 112 जारी किया गया है. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आने वाली पीसीआर कॉल में कमी आई हैं.
दिल्ली हिंसा: रजनीकांत ने इसे खुफिया एजेंसी की विफलता बताया, केंद्र सरकार की निंदा की






















