Rajasthan: आज पायलट-गहलोत की मुलाकात संभव, CM अशोक बोले- गलतफहमी भूलने की जरूरत
सचिन पायलट की घर वापसी हो गई है, लेकिन सीएम अशोक गहलोत गुट के विधायक सचिन खेमे की बगावत से अब भी नाराज हैं.

जयपुर: राजस्थान की राजनीति में मचा कलह शांत हो गया है. सचिन पायलट और उनके साथी विधायक घर वापसी कर चुके हैं. अब आज सचिन पायलट और उनके साथी विधायक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर सकते हैं. इस मुलाकात से पहले गहलोत ने राजस्थान की सियासत में पिछले एक महीने में हुए सभी घटनाक्रमों को भूल जाने की बात कही है.
अशोक गहलोत ने कहा, "पिछले एक महीने में पार्टी में जो भी गलतफहमी हुई, हमें देश, राज्य, लोगों और लोकतंत्र के हित में क्षमा करने और भूलने की जरूरत है."
गहलोत गुट के विधायक सचिन खेमे की बगावत से अब भी नाराज सचिन पायलट की घर वापसी हो गई है, लेकिन सीएम अशोक गहलोत गुट के विधायक सचिन खेमे की बगावत से अब भी नाराज हैं. सभी विधायक जयपुर लौट आये है और बाड़ाबंदी पार्ट-3 के तहत सभी को जयपुर के होटल फेयरमौंट में भेज दिया गया है. पहले जयपुर के होटल में 18 दिन और फिर जैसलमेर में 12 दिन तक बाड़ाबंदी में रहे गहलोत गुट के सभी विधायक बुधवार को जयपुर लौट गए हैं. इन सभी को एयरपोर्ट से ही सीधे बाड़ाबंदी के लिए होटल फेयरमौंट भेज दिया गया. जैसलमेर के होटल सूर्यगढ़ में मंगलवार की रात को हुई बैठक में कई विधायकों ने सचिन पायलट और उनके समर्थकों की बगावत का मुद्दा उठाया.
इन विधायकों ने कहा कि सचिन और उनके खेमे के लोगों को अगर सजा नहीं दी जा रही तो उन्हें इनाम भी नहीं दिया जाए. कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने तो ये तक कह दिया कि अब अगर कोई दरवाजे पर आ ही गया तो उसे दुत्कारा नहीं जा सकता. जयपुर आये गहलोत गुट के कई विधायकों ने इस बात को माना कि विधायक दल की बैठक में ये सब बातें हुई थी.
कई विधायकों ने माना कि सचिन खेमे को लेकर तरह-तरह की बातें बैठक में हुईं लेकिन अब आला कमान का फैसला है इसलिए सब बातें ख़त्म हुईं. इन तमाम विधायकों की बातों से ये बात तो साफ़ है कि सचिन पायलट और उनके साथी विधायक आलाकमान के दखल के कारण घर तो लौट आये हैं लेकिन घरवाले उनकी वापसी से सहज नहीं हैं. इसलिए आगे सचिन और उनके समर्थक विधायकों की डगर इतनी आसान नहीं रहने वाली.
ये भी पढ़ें- नया टैक्स प्लेटफॉर्म लॉन्च कर बोले पीएम मोदी- टैक्सपेयर को शक की नजर से नहीं देखा जा सकता
























