कुकर में सीटी आने से पहले ही निकल जाती है भाप? इस पार्ट पर दें ध्यान
अगर आपके प्रेशर कुकर में भी सीटी आने से पहले भाप निकल जाती है, तो ऐसे में आप रबर गैस्केट, सेफ्टी वॉल्व और ढक्कन की जांच कर के समस्या के बारे में पता लगा सकते हैं.

किचन में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल दाल, चावल, सब्जियां और कई तरह के व्यंजन जल्दी पकाने के लिए किया जाता है. लेकिन कई बार कुकर में सीटी आने से पहले ही ढक्कन के किनारों से भाप निकलने लगती है. जिससे खाना ठीक तरह से पकता नहीं है. वहीं कुछ मामलों में कुकर से लगातार भाप बाहर आती रहती है, लेकिन सीटी नहीं बजती. जिस वजह से खाना पक नहीं पाता है.
अगर आपके कुकर में भी ऐसी समस्या आ रही है, तो सबसे पहले उसकी रबर गैस्केट यानी सील पर ध्यान दें. हालांकि, भाप निकलने की वजह सीटी, वेंट पाइप या किसी दूसरे हिस्से में खराबी भी हो सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि प्रेशर कूकर में खाने बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
रबर गैस्केट हो सकती है खराब
प्रेशर कुकर के ढक्कन के अंदर लगी रबर की गोल रिंग को गैस्केट कहा जाता है. इसका काम ढक्कन और कुकर के बीच हवा और भाप को बाहर निकलने से रोक होता है. अगर रबर पुरानी हो गई है, उसमें दरार आ गई है या वह ढीली पड़ गई है, तो कुकर के किनारों से भाप निकलने जैसी समस्या हो सकती है. इस समस्या से बचने के लिए गैस्केट को नियमित रूप से जांचें. अगर रबर टाइट हो गई है, कट गई है या सही जगह पर फिट नहीं हो रही, तो उसे कुकर के मॉडल के अनुसार असली स्पेयर पार्ट से बदलवाना बेहतर होगा.
यह भी पढ़ें: Rust On Iron Kadhai: लोहे की कढ़ाई में लग रही जंग, जान लें बचाने का तरीका
सीटी और वेंट पाइप की करें जांच
कुकर की सीटी को प्रेशर रेगुलेटर भी कहा जाता है. इसके नीचे मौजूद वेंट पाइप से भाप बाहर निकलती है. अगर पाइप में खाने के कण, दाल या दूसरी गंदगी फंस जाए, तो भाप निकलने में परेशानी होती है. ऐसे में कुकर की सफाई करते समय वेंट पाइप और सीटी को साफ करें. ध्यान रखें कि कुकर की सफाई कंपनी के निर्देश अनुसार ही होना चाहिए. इसके लिए किसी नुकीली वस्तु का इस्तेमाल न करें.
ढक्कन ठीक से बंद हुआ है या नहीं
कई बार कुकर का ढक्कन सही तरीके से लॉक नहीं होता. ऐसे में उसके किनारों से भाप बाहर निकलने लगती है. ढक्कन लगाने से पहले यह जांच करें कि गैस्केट अपनी जगह पर ठीक से बैठी है और ढक्कन कुकर के अनुसार लॉक हुआ है या नहीं. अगर ढक्कन टेढ़ा हो गया है या लॉकिंग सिस्टम में खराबी है, तो उसे जबरदस्ती बंद करने की कोशिश न करें और किसी सर्विस सेंटर पर जांच करवाएं.
कुकर इस्तेमाल करते समय रखें सावधानी
अगर कुकर से भाप लगातार निकल रही हो, तो उसे इस्तेमाल करते रहना सुरक्षित नहीं है. ऐसे में गैस बंद कर दें और कुकर को पूरी तरह ठंडा होने दें. प्रेशर को पूरी तरह बाहर निकलने दे और सीटी को हाथ न लगाएं. प्रेशर निकलने के बाद किसी सर्विस सेंटर पर कुकर को दिखाना बेहतर है. खराब कुकर इस्तेमाल करने से उसके फंटने का खतरा रहता है.
यह भी पढ़ें: How To Store Potatoes: आलू में निकलने लगे हैं अंकुर? महीनों तक ताजा रखने के आसान हैक्स





















