Gen Z को खुश करने में जुटे सरकारी बैंक, सेविंग्स से लोन तक, मिलेंगी स्पेशल स्कीम
दिवाली के त्योहार से पहले ही सरकारी बैंक युवाओं के लिए सेविंग्स, लोन, बीमा और निवेश सुविधाएं लाने की तैयारी में हैं. नवंबर तक डिजिटल पोर्टल शुरू करने की योजना है, जिससे बैंकिंग सेवाएं आसान होंगी.

देश के सरकारी बैंक युवाओं को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने के लिए नई पहल करने जा रहे हैं. दीवाली से पहले युवाओं को ध्यान में रखकर तीन नए वित्तीय उत्पाद पेश करने की तैयारी है. इनमें बचत, निवेश, बीमा और लोन जैसी सुविधाओं पर फोकस किया जाएगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के निर्देशों के बाद बैंकों ने इस दिशा में काम तेज कर दिया है.
बैंक युवाओं के लिए एक साझा ऑनलाइन पोर्टल तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं. इसका मकसद बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय अवसरों की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराना है. रिपोर्ट के अनुसार, इस पोर्टल को नवंबर के अंत तक शुरू करने की योजना है.
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बैंक शाखाओं और एटीएम की जानकारी देने के लिए लोकेटर जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकती है. इसके जरिए युवा अपने आसपास बैंकिंग सेवाओं की जानकारी आसानी से हासिल कर सकेंगे.
युवाओं के लिए क्या-क्या हो सकता है खास?
सरकारी बैंकों की प्रस्तावित योजनाओं का उद्देश्य युवाओं की जरूरतों के मुताबिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है. इन उत्पादों में सेविंग्स और निवेश से जुड़ी सुविधाओं के साथ बीमा और कर्ज से संबंधित विकल्प भी शामिल होंगे. इसके अलावा, युवाओं को वित्तीय योजना बनाने में मदद देने के लिए सलाह उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्रस्तावित सुविधाओं में मुफ्त डीमैट अकाउंट और वित्तीय योजना से जुड़ी काउंसलिंग भी शामिल हो सकती है. अलग-अलग सरकारी बैंक अपनी ओर से अतिरिक्त लाभ और सुविधाएं भी जोड़ सकेंगे.
क्रेडिट स्कोर और वित्तीय समझ बढ़ाने की तैयारी
वित्त मंत्री ने बैंकों को युवाओं के साथ लंबे समय तक चलने वाला संबंध बनाने की दिशा में काम करने को कहा है. इसके तहत केवल नए खाते खुलवाने के बजाय बचत, निवेश और जिम्मेदार कर्ज प्रबंधन की समझ विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.
बैंकों को युवाओं को अच्छा क्रेडिट स्कोर बनाए रखने और समय पर भुगतान करने के महत्व के बारे में भी जागरूक करना है. इस पहल से युवाओं को अपने पैसे का बेहतर प्रबंधन करने और भविष्य की वित्तीय जरूरतों के लिए तैयारी करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
16 साल से अधिक उम्र के युवाओं पर फोकस
इस पहल के तहत 16 साल से अधिक आयु के युवाओं को बैंकिंग के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. 2 अक्टूबर से शुरू हुए महीने भर के अभियान का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना है. भारतीय बैंक संघ (IBA) इस अभियान के समन्वय में भूमिका निभा रहा है.
यह भी पढ़ें- Amazon में 3 लाख से ज्यादा नौकरियां, हर घंटे 20 डॉलर की कमाई, जानें किसे मिलेगा मौका
यह भी देखें-






















