अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले एयर इंडिया ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले एयर इंडिया ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. एयर इंडिया का बोइंग विमान दुनिया भर के चक्कर लगाकर 3 तारीख को भारत वापस आया. इस विमान की खास बात थी कि पायलट, एयरहोस्टेस, ग्राउंड स्टाफ से लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल तक, सभी जगह महिलाओं ने काम किया. इस कीर्तिमान के लिए एयर इंडिया को सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा गया. आज एयर इंडिया देश का नाम रोशन करने वाली अपनी उन्हीं महिला कर्मचारियों को सम्मानित कर रहा है.
एयर इंडिया ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर उस महिला चालक दल को आज बधाई दी, जिसने पूरी तरह से महिला चालक दल के साथ उड़ान का संचालन किया था. इसमें वह उड़ान भी शामिल है जिसने दुनिया का चक्कर लगाया है. एयर इंडिया ने पूरी तरह से महिला चालक दल वाली 10 उड़ानों का अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू मार्गों पर संचालन किया. इसमें इसकी दिल्ली से सेन फ्रांसिस्को और वापसी की उड़ान भी शामिल है.
एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने कहा कि वह पूरी तरह से महिला चालक दल से दुनिया का चक्कर लगाने वाली अपने तरह की पहली उड़ान और विभिन्न मार्गों पर अन्य उड़ानों को लेकर महिलाओं को बधाई देता हूं.






















