बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते हवाई किराए 30% घटे: विमानन मंत्री

नई दिल्लीः एयरलाइन के जरिए सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है. कच्चे तेल की कीमतों में वैश्विक गिरावट के कारण हवाई किराए में 30 फीसदी तक गिरावट आई है. नागरिक विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू ने शनिवार को कहा, "अगर हम पूरे देश में देखें, तो औसत हवाई किराए में 30 फीसदी तक की गिरावट आई है. हालांकि इसमें कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की प्रमुख भूमिका है, लेकिन बढ़ते मुकाबले के चलते भी कीमतें गिरी हैं, जिसमें मंत्रालय की बड़ी भूमिका है. कमर्शियल विमानन कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने के चलते केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्रालय द्वारा हवाई किरायों में कमी आने की बड़ी बात कही गई है जो यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है.
राजू ने कहा, "जैसा कि हम सब जानते हैं कि कॉम्पटीशन बढ़ाने में मंत्रालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का लाभ यात्रियों को मिलता है. मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले 2 सालों में औसत विमान किराए में 30 फीसदी की गिरावट आई है. इस्तेमाल नहीं हो रहे 43 हवाईअड्डे को जल्द चालू किया जाएगा.
देशभर में रीजनल एयर कनेक्टिविटी को बढ़ाने की कोशिशों के तहत इस्तेमाल में नहीं आ रहे 43 हवाई अड्डों को एक साल के भीतर शुरू किया जाएगा.
नागर विमानन मंत्रालय में सचिव आर. एन. चौबे ने यहां दक्षिण गोवा में कहा, ‘‘इन इस्तेमाल नहीं हो रहे 43 हवाईअड्डों को शुरू करने के पीछे का मुख्य मकसद देश में हवाई संपर्क को बेहतर बनाना है. इस संबंध में 11 बोली लगाने वालों की ओर से प्रस्ताव मिले हैं जो इन हवाईअड्डों का कमर्शियल ऑपरेशन करेंगे.’’ उन्होंने यह बात यहां नागर विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू की उपस्थिति में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. राजू ने यहां स्वदेश में सॉफ्टवेयर डेवलप करने के लिए 3 दिवसीय एक वर्कशॉप का भी उद्घाटन किया है. चौबे ने कहा कि मौजूदा समय में 72 हवाईअड्डे ऑपरेशन में है और इन 43 के शुरू हो जाने से भारतीय विमानन क्षेत्र की सूरत बदल जाएगी.
Source: IOCL

























