GI Tag for Agriculture: भारत के इन कृषि उत्पादों को मिल चुका है जीआई टैग, यहां देखें पूरी लिस्ट
GI Tag Agriculture Products:आज हम आपको अलग-अलग राज्यों में कृषि कैटेगरी के जीआई टैग उत्पादों के बारे में जानकारी देंगे. ये वही उत्पाद हैं, जो संबंधित इलाके में किसानों की आय बढ़ाने में मददगार हैं.

GI Tag Agriculture: जीआई टैग यानी भौगोलिक संकेत टैग किसी भी विशेष क्षेत्र के उत्पादों को प्रदर्शित करता है. किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता, विशेषता या प्रतिष्ठा के आधार पर भौगोलिक संकेत टैग दिया जाता है. भारत में कृषि, प्राकृतिक, निर्मित वस्तु, कपड़ा, हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री आदि कैटगरी के सैंकड़ों उत्पादों को जीआई टैग का खिताब प्राप्त है. जीआई टैग प्रदान करने का प्रमुख उद्देश्य उत्पाद को विलुप्त होने से बचाना, उसके उत्पादन को बढ़ाना, ताकि निर्यात को बढ़ावा मिल सके और संबंधित क्षेत्र में लोगों के लिये रोजगार के अवसर पैदा करना है.
बता दें कि किसी भी उत्पाद का जीआई टैग अगले 10 साल तक के लिए मान्य होता है जिसे बाद में रिन्यू भी किया जा सकता है. भारत में तमाम कृषि उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है. इसमें सबसे पहला जीआई टैग मिला दार्जिलिंग की चाय को. इसके बाद मैसूर की सुपारी से लेकर बिहार का मखाना और कश्मीर का केसर भी इस सूची में जुड़ते चले गये. आज हम आपको अलग-अलग राज्यों में कृषि कैटेगरी के जीआई टैग उत्पादों के बारे में जानकारी देंगे. ये वही उत्पाद हैं, जो संबंधित इलाके में किसानों की आय बढ़ाने में मददगार हैं.
- आंध्र प्रदेश में कृषि कैटेगरी के लिये बनगनपल्ले आम और गुंटूर सन्नम मिर्च को जीआई टैग मिला हुआ है.
- अरुणाचल प्रदेश के अरुणाचल संतरा को कृषि कैटेगरी का जी आईटैग खिताब दिया गया है.
- असम में कृषि कैटेगरी के लिए करीब 6 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है. इसमें असम कार्बी आंगलोंगलों अदरक, असम की चाय, बोका चौल, असम के जोहा चावल, काजी नेमो (नींबू) और तेजपुर लीची शामिल है.
- बिहार में कृषि कैटेगरी के लिए 5 उत्पादों को जीआई टैग मिला हुआ है. इसमें मिथिला मखाना, भागलपुरी जर्दालू, कतरनी चावल, मघई पान और बिहार की शाही लीची शामिल है.
- बहुत ही कम लोग जानते हैं, लेकिन दिल्ली के बासमती चावल को भी कृषि कैटेगरी के लिए जीआई टैग का खिताब मिला हुआ है.
- गोवा की खोला मिर्च ने आज देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई है. इसकी बढ़ती लोकप्रियता के चलते जीआई टैग दिया गया है.
- गुजरात में कृषि कैटेगरी के लिए 2 उत्पादों को जीआई टैग मिला है. इसमें भालिया गेहूं और गिर केसर आम शामिल है.
- हिमाचल की जीआई टैग सूची में कृषि कैटेगरी के 3 प्रॉडक्ट शामिल है. इसमें कांगड़ा की चाय, हिमाचली मिर्च का तेल और हिमाचली काला जीरा शामिल है.
- कश्मीर की सुंदर वादियों में भी कई तरह के अनोखे कृषि उत्पाद उपजते हैं. भारत सरकार ने कृषि कैटेगरी के लिए जम्मू कश्मीर के गुच्छी मशरूम और कश्मीरी केसर को जीआई टैग सौंपा है.
- मणिपुर के 2 कृषि उत्पादों को जीआई टैग दिया गया है. चक-हाओ चावल और कचई नींबू शामिल है.
- मेघालय में खासी मंदारिन और मैमोंग नारंग को कृषि कैटेगरी के लिए जीआई टैग मिला हुआ है.
- मिजोरम की मिजो मिर्च को भी जीआई टैग की कृषि कैटेगरी में शामिल किया गया है.
- नागालैंड की नागा मिर्च और नामा पेड़ टमाटर को जीआई टैग दिया गया है.
- उड़ीसा के गंजम केवड़ा फूल और कंधमाल हल्दी भी जीआई टैग की कृषि कैटेगरी में शामिल हैं.
- सिक्किम की बड़ी इलायची को जीआई टैग का खिताब मिला हुआ है.
- तमिलनाडु में जीआई टैग की कृषि कैटेगरी की सूची में एथामोझी लंबा नारियल, मदुरै मल्ली, नीलगिरी चाय, सिरुमलाई पहाड़ी केला और विरुपक्षी पहाड़ी केला शामिल हैं.
- त्रिपुरा की रानी अनानास को जीआई टैग की लिस्ट में जोड़ा गया है.
- उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद सुरखा अमरुद, कालानामक चावल, मलीहाबादी दशहरी आम को जीआई टैग का खिताब प्राप्त है.
- उत्तराखंड के उत्तराखंडी तेजपत्ता को जीआई टैग दिया हुआ है.
- पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग की चाय, फाजली आम, गोविंद भोग चावल, खिरसापति (हिमसागर) आम और लक्ष्मण भोग आम, तुलाईपंजी चावल को भी भारत सरकार ने जीआई टैग दिया है.
कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र में कृषि उत्पाद को जीआई टैग
- कर्नाटक के करीब 17 कृषि उत्पादों को जीआई टैग का खिताब मिला हुआ है. इसमें अप्पेमिडी आम, बाबाबुदनगिरी अरेबिका कॉफी, बंगलौर नीले अंगूर, बैंगलोर गुलाब प्याज, ब्यादगी मिर्च, चिकमगलूअरेबिका कॉफी, कुर्ग अरेबिका कॉफी, कुर्ग हरी इलायची, कुर्ग संतरा, देवनहल्ली पोमेलो, हदगली मल्लिगे (चमेली),कमलापुर लाल केला, मालाबार काली मिर्च, मैसूर सुपारा, मैसूर चमेली, नंजनगुड केला, सिरसी सुपारी, उडुपी चमेली, उडुपी मट्टू गुल्ला बैंगन शामिल है.
- केरल में 12 कृषि उत्पादों को जीआई टैग दिया गया है. इनमें एलेप्पी हरी इलायची, सेंट्रल त्रावणकोर गुड़,चेंगलिकोदन नेन्द्रन केला, कैपाल चावल, मालाबारी काली मिर्च, नवारा चावल, नीलांबुर सागौन, पलक्कड़ मट्टा चावल, पोक्कली चावल, तिरूर सुपारी, वजहकुलम अनानास, वायनाड जीरकशाला चावल, वायनाड गंधकशाला चावल शामिल हैं.
- महाराष्ट्र के 22 कृषि उत्पादों को जीआई टैग मिला हुआ है. इसमें अजारा घनसाल चावल, अलफांसो, अंबेमोहर चावल, बीड कस्टर्ड सेब, भिवापुर मिर्च, जलगांव केला, जलगांव भरित बैंगन, जालना मीठा संतरा, कोल्हापुर गुड़, महाबलेश्वर स्ट्रॉबेरी, मराठवाड़ा केसर आम, मंगलवेधा ज्वार, नागपुर संतरा, नासिक अंगूर, नवापुर तुअर दाल, पुरंदर अंजीर, सांगली किशमिश, सांगली हल्दी, सोलापुर अनार, वेंगुर्ला काजू, वाघ्या घेवड़ा, वैगांव हल्दी का नाम शामिल है.
Disclaimer: खबर में दी गई कुछ जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. किसान भाई, किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें-
गांव के शांत माहौल में कुछ इस रंग-ढंग में पारंपरिक दिवाली मनाते हैं किसान
























