Delhi Election Results: Chirag Paswan ने दिल्ली चुनाव में जीत का पूरा श्रेय PM Modi को दिया | ABP
Delhi Election Results: उन्होंने दिल्ली के चुनावी मैदान में ऐसे दस्तक दी कि सभी राजनीतिक दलों के मंसूबों पर झाड़ू लगा दी. फिर 12 साल तक दिल्ली के दिल पर उन्होंने इस कदर राज किया कि उन्हें हटाना नामुमकिन जैसा हो चला. हालांकि, अब उनकी झाड़ू ने उन्हें ही अपना शिकार बना लिया और दिल्ली ने 27 साल बाद भगवा रंग को अपना लिया है. बात हो रही है आम आदमी पार्टी की, जिसे दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार का सामना करना पड़ा. बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि पिछले दो चुनावों में सियासी सुनामी लाने वाली आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर ही सिमट गई. आइए जानते हैं कि किस पार्टी को कितने फीसदी वोट मिले? कौन-कौन से बड़े नेता हार गए तो किसने किसका खेल बिगाड़ा और छोटी-बड़ी जीत से जुड़ी हर बात. महज 13 पॉइंट्स में समझते हैं दिल्ली की पूरी सियासी दास्तां. कैसे रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे? दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर पांच फरवरी को मतदान हुआ था और आठ फरवरी को नतीजों का ऐलान किया गया. इनमें 48 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की तो 22 सीटें आम आदमी पार्टी की झोली में गईं. आम आदमी पार्टी ने 2015 में 67 तो 2020 में 62 सीटें जीती थीं. अहम बात यह है कि कांग्रेस पार्टी लगातार तीसरी बार दिल्ली में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत सकी. वहीं, महज दो सीटों पर ताल ठोंकने वाली असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने अपना दमखम काफी अच्छी तरह दिखाया.




























