सिर पर हेलमेट, फिर भी जेब पर पड़ेगी मार! जानिए क्यों कटेगा चालान
बाइक या स्कूटर चलाते समय सिर्फ हेलमेट पहनना काफी नहीं है. बिना ISI मार्क वाला हेलमेट इस्तेमाल करने या स्ट्रैप न बांधने पर चालान कट सकता है और दुर्घटना में चोट का खतरा बढ़ सकता है.

अगर आप बाइक या स्कूटर चलाते हैं तो हेलमेट पहनना सिर्फ आपकी सुरक्षा के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि यह ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए भी जरूरी है. लेकिन कई बार लोग हेलमेट लगाने के बावजूद चालान कटने की शिकायत करते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह हेलमेट का सही न होना या उसे ठीक तरीके से न पहनना हो सकती है. इसलिए सिर्फ सिर पर हेलमेट रखना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से पहनना भी बेहद जरूरी है.
अगर आप भी बाइक चलाते समय चालान से बचना चाहते हैं, तो हेलमेट पहनने के नियम को समझना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि किन गलतियों के कारण चालान कट सकता है.
हेलमेट पहनने के बाद भी क्यों कटता है चालान?
- चिन स्ट्रैप नहीं बांधना: अक्सर लोग हेलमेट तो पहन लेते हैं, लेकिन उसकी पट्टी खुली छोड़ देते हैं. इसे खुला छोड़ने पर नियमों के तहत कारवाई हो सकती है, क्योंकि हादसे के दौरान हेलमेट सिर से निकल सकता है.
- गलत साइज का हेलमेट: बहुत ढीला हेलमेट सिर पर अपनी जगह से खिसक सकता है, जबकि जरूरत से ज्यादा टाइट हेलमेट पहनने में परेशानी पैदा करता है.
- ISI मार्क नहीं होना: हेलमेट खरीदते समय उस पर ISI मार्क जरूर देखें. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के निर्धारित मानकों के अनुरूप हेलमेट चुनें.
- हेलमेट सही तरीके से नहीं पहनना: हेलमेट को सिर पर ठीक से लगाना जरूरी है, ताकि वह माथे और सिर को पर्याप्त सुरक्षा दे सके.
हेलमेट का चालान कितना कट सकता है?
मोटर वाहन अधिनियम के तहत हेलमेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 1,000 से 2,000 रुपए तक का जुर्माना लग सकता है. हालांकि, जुर्माना की कारवाई उल्लंघन और लागू नियमों के तहत हो सकती है.
हेलमेट पहनते समय इन बातों का रखें ध्यान
- हमेशा मानक के अनुरूप ISI मार्क वाला हेलमेट पहनें.
- हेलमेट अपने सिर के साइज के मुताबिक चुनें, ताकि वह न ज्यादा ढीला हो और न ही ज्यादा टाइट हो.
- बाइक या स्कूटर चलाने से पहले चिन स्ट्रैप को अच्छी तरह बांध लें.
- हेलमेट को सिर पर सही स्थिति में पहनें और सुनिश्चित करें कि वह आसानी से आगे-पीछे न खिसके.
सही हेलमेट पहनना क्यों है जरूरी?
हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अचानक हुए हादसे के समय सिर को गंभीर चोट से बचाने के लिए जरूरी है. इसलिए बाइक या स्कूटर चलाते समय हेलमेट सही तरीके से पहनें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें.
MP में 2 नई रेल लाइन शुरू, 10 रुपये में कर सकेंगे ट्रेन का सफर





















