जालौन: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस को गुमराह करने के लिए रचा 'ड्रामा'
यूपी के जालौन में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

जालौन: कहते हैं कि अगर इश्क बेपनाह हो जाए तो किसी की जान भी ले लेता है. आशिकी की एक ऐसी ही खौफनाक कहानी जालौन के कालपी में देखने को मिली है. यहां एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को जान से मारने का चक्रव्यूह रच डाला और उसमें कामयाब भी हुई. लेकिन हत्यारा कितना भी शातिर क्यों न हो कोई न कोई सुराग जरूर छोड़ जाता हैं. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ और वारदात का खुलासा कर दिया गया.
प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश मामला जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के रामचबूतरा का है. यहां पर इश्क की चाहत में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करने जैसे जघन्य वारदात को अंजाम दे डाला. बीते 19 नवंबर को घर के अंदर ही शख्स की सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.
पति को नींद की गोलियां दीं घटना की तहकीकात में जब पुलिस ने हत्या के सुराग जुटाने शुरू किए तो इन्वेस्टिगेशन में मृतक की हत्या का मास्टरमाइंड अपना ही निकला. पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. बीते 19 नवंबर की रात मृतक की पत्नी नगीना ने अपने प्लान के मुताबिक रात को अपने पति को नींद की गोलियां दीं, जिससे वो गहरी नींद में सो गया. उसके बाद अपने प्रेमी को बुलाया और फिर अपने पति को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया. कहानी यहीं खत्म नहीं हुई, नगीना ने अपने जुर्म पर पर्दा डालने के साथ-साथ पुलिस और लोगों को गुमराह करने के लिए 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर भी दी. लेकिन चोर पुलिस के इस खेल में पुलिस ने बाजी मारी और हत्यारोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए.
पुलिस ने किया गिरफ्तार पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुये सीओ कालपी आरपी सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी नगीना ने ही अपने प्रेमी जावेद निवासी बिंदकी जिला फतेहपुर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की थी. मृतक की पत्नी नगीना ने पहले पति को नींद की गोलियां खिलाईं उसके बाद अपने प्रेमी को घर बुलाया और प्रेमी ने ईंट और चाकू से उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ये भी पढ़ें:






















