अगले 24 घंटों में बदलेगा यूपी का मौसम, तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट
यूपी में मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है. जिसके चलते पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं और पूर्वांचल के ज़्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश होने की चेतावनी दी गई है. 50-60 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी.

उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे बदलने लगा है. मानसून खत्म होने के बाद ठंडक बढ़ने लगी हैं. इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर से प्रदेश में तेज आंधी-बारिश और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है. बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवात की वजह से 28 अक्टूबर से प्रदेश में तेजी से मौसम में बदलाव होगा और कई जगहों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट दिया गया है, जिससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और ठंड बढ़ जाएंगी.
मौसम विभाग के मुताबिक़ यूपी में आज 27 अक्टूबर मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती हैं लेकिन, ज़्यादातर इलाकों में आज मौसम साफ़ ही रहेगा. प्रदेश के सभी जिलों को आज ग्रीन ज़ोन में रखा गया है. लेकिन, 28 अक्टूबर से प्रदेश में तेजी से मौसम में बदलाव आएगा और फिर से आंधी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा.
यूपी में कल से बदलेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी में 28 अक्टूबर से नया चक्रवाती सिस्टम बनने की वजह से प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बिजली की चमक होने और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. 29 अक्टूबर को इसमें और तेजी आएगी. जिसके चलते पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं और पूर्वांचल के ज़्यादातर हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट
30 और 31 अक्टूबर को भी प्रदेशभर में बारिश का ये सिलसिला जारी रहेगा. जिसके चलते लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बलिया और कई जिलों में बिजली गिरने और भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई हैं. यूपी में तेज हवाओं और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ना शुरू हो जाएगी.
यूपी में अगले 24 घंटों मं प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले दो दिन में धीरे-धीरे 6-8 डिग्री तक तापमान में गिरावट आ सकती हैं. वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2-3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. जिससे ठंड और बढ़ेगी. बीते 24 घंटों में बरेली और मेरठ प्रदेश के सबसे ठंडे जिले दर्ज किए गए, यहां न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के बीच रहा.
MLC चुनावः गोरखपुर के DDU में काउंटिंग की तैयारी पूरी, प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कल






















