बिहार: MLC चुनाव के नतीजों से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी का मैनेजर लापता
जन सुराज पार्टी के डिजिटल संचार प्रबंधक देवपालिक गुप्ता चलती ट्रेन से लापता हुए हैं. वे रांची से पटना दोस्त के साथ आ रहे थे. इस मामले में जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई गई है.

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के डिजिटल संचार प्रबंधक देवपालिक गुप्ता लापता हो गए हैं. यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब आज (मंगलवार) बिहार की आठ सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव के नतीजे आने हैं.
31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता बीते सोमवार (26 अक्टूबर, 2026) को रांची से पटना जाते समय चलती ट्रेन से लापता हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. देवपालिक यूपी के कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं. दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व छात्र हैं और वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल संचार प्रबंधक के रूप में काम करते हैं.
पैंट्री कार से लाने गए थे सामान
देवपालिक गुप्ता के दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि वे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. ट्रेन (जन शताब्दी एक्सप्रेस) दोपहर करीब दो बजकर 25 मिनट पर रवाना हुई थी. करीब 10 मिनट बाद देवपालिक ने उनसे कहा कि वह कुछ खाने का सामान लेने के लिए पैंट्री कार जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे.
उन्होंने कहा, "इसके बाद हम अपनी बर्थ से उठकर अपने कोच के पास स्थित पैंट्री कार में गए, लेकिन वे (देवपालिक गुप्ता) वहां नहीं मिले. फिर हमने ट्रेन के सभी कोच में उनकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिले."
यह भी पढ़ें- बिहार के गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान, CM सम्राट ने दिखाई हरी झंडी
सीसीटीवी को खंगाल रही रेल पुलिस
दोस्त ने कहा कि ट्रेन के मुरी जंक्शन पर रुकने के बाद उन्होंने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में शिकायत दर्ज कराई. मुरी जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षक संजीव सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "हम मुरी जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं. अब तक यह स्पष्ट है कि गुप्ता रांची के बाद ट्रेन के पहले ठहराव मुरी में ट्रेन से नहीं उतरे थे. उनका मोबाइल फोन भी बंद है."
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और आरपीएफ कर्मियों की संयुक्त टीम उनकी तलाश कर रही है. इस घटना के बाद लगातार प्रशांत किशोर की पार्टी के नेताओं की ओर से एक्स प्लेटफॉर्म के जरिए पोस्ट करते हुए देवपालिक गुप्ता को खोजने की मांग की जा रही है.
यह भी पढ़ें- खरगे के विवादित बयान के पीछे रणनीति? गिरिराज सिंह का बड़ा बयान





















