सपा के जीते MLC बीजेपी में होंगे शामिल? मतगणना के बीच BJP विधायक का बड़ा दावा
बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री पलटू राम ने यूपी एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि सपा के जितने भी प्रत्याशी जीते हैं वो बीजेपी के ही है और आगे चलकर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.

पूर्व मंत्री और बलरामपुर सीट से भाजपा विधायक पलटू राम ने यूपी शिक्षक MLC चुनाव के नतीजों पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने एमएलसी चुनाव में जीत का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया और सपा के पीडीए को परिवारवाद से जोड़ते हुए निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा एआई के ज़रिए भ्रामक पोस्टर बना रही है. इस तरह के पोस्टरों पर प्रतिबंध लगना चाहिए.
यूपी शिक्षक MLC चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक पलटू राम ने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का अभूतपूर्व प्रदर्शन रहा है. उन्होंने इस जीत का श्रेय शिक्षकों को देते हुए कहा कि शिक्षकों ने अपने अमूल्य मत देकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का काम किया है. ये सब सीएम योगी आदित्यनाथ की नीतियों के चलते हुआ है.
भाजपा विधायक ने दावा किया कि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी जिन सीटों पर जीती है, उनमें भी अधिकतर विजयी उम्मीदवार भाजपा के ही हैं और वे आगे चलकर भाजपा में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने शिक्षकों के लिए पांच लाख रुपये तक के कैशलेस चिकित्सा बीमा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जीत का श्रेय दिया.
सपा के PDA को परिवारवाद से जोड़ा
समाजवादी पार्टी के PDA के नारे पर पलटवार करते हुए पलटू राम ने कहा कि PDA के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. उन्होंने PDA को परिवारवाद और परिवार की सत्ता से जोड़ते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। भाजपा विधायक ने कहा कि उनकी नजर में समाजवादी पार्टी का PDA परिवारवाद की राजनीति का प्रतीक है.
AI पोस्टर वार पर प्रतिबंध की मांग
राजनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के इस्तेमाल और नेताओं के पोस्टर बनाए जाने पर पलटू राम ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि AI के जरिए किसी का पोस्टर बनाना या भ्रामक सूचनाएं फैलाना समाज और देश को गुमराह करने वाला है. विधायक ने ऐसे लोगों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.
जिस हद तक गिर सकते थे गिर गए', गोरखपुर में संजयन त्रिपाठी का वीडियो शेयर कर बोले अखिलेश
वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती के पोस्टर को लेकर पूछे गए सवाल पर पलटू राम ने कहा कि मायावती एक सम्मानित नेता हैं. अगर उनका कोई कार्यकर्ता उनकी पूजा करता है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है. यह उसकी श्रद्धा का विषय है.
2027 में बीजेपी सरकार बनने का दावा
बाबा रामदेव के ओवैसी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देने से बचते हुए पलटू राम ने कहा कि फिलहाल भाजपा अपने कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में जुटी है. उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2027 में तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी.






















