दिवाली से पहले CM योगी का महिलाओं को तोहफा, करोड़ों परिवारों को LPG सब्सिडी
दीपावली पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के 1.89 करोड़ से अधिक उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की LPG रिफिल सब्सिडी दी.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी. मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर की रिफिल सब्सिडी वितरित की. इस योजना के तहत 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छा कार्य भी करती है. उन्होंने कांग्रेस सरकार के समय रसोई गैस कनेक्शन लेने में होने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले एक गैस कनेक्शन लेने के लिए लोगों को पापड़ बेलने पड़ते थे.
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- 'जेल में बंद माफिया देख रहे सपा की वापसी का सपना'
सीएम योगी ने कहा, "एक कनेक्शन के लिए ही 25 से 50 हजार रुपये ब्लैक देने पड़ते थे. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री मोदी जी ने उत्तर प्रदेश की ही धरती बलिया से किया था."
उज्ज्वला योजना से महिलाओं को मिली राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माताओं और बहनों की आंखों में आंसू देखकर उज्ज्वला योजना शुरू करने का फैसला किया था. उन्होंने कहा, "उस समय मोदी जी ने भावुक होकर कहा था, माताओं बहनों की आंखों में आंसू देखकर हमने तय किया है कि कनेक्शन के लिए घूसखोरी बंद, कांग्रेस की घूसखोरी की प्रवृत्ति को पूरी तरह रोका जा रहा है, हम इसे हर गरीब को फ्री में उपलब्ध करवाएंगे."
सीएम योगी के मुताबिक, इस योजना से गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन के लिए होने वाले बड़े खर्च से राहत मिली है. अब सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंच रही है. उन्होंने इसे सुशासन का उदाहरण बताया.
46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है, तभी सुशासन का सही अर्थ पूरा होता है. उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं.
सीएम योगी ने 2014 से पहले और बाद की सरकारों की योजनाओं की तुलना करते हुए कहा कि पहले युवा बेरोजगार था, किसान आत्महत्या करने पर मजबूर था और महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए कोई स्कीम नहीं थी. उन्होंने उस समय CWG घोटाला और टूजी घोटाले का भी जिक्र किया.
यूपी की कानून-व्यवस्था पर बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए 2017 से पहले के हालात पर भी बात की. उन्होंने कहा कि पहले पर्व और त्योहारों के दौरान लोगों को अपनी संपत्ति बचाने की चिंता रहती थी. उत्सव से पहले उपद्रव, दंगे और कर्फ्यू जैसी स्थितियां बनती थीं. बाजार वीरान रहते थे और लोग डर के कारण घरों में दुबके रहते थे.
सीएम योगी ने कहा कि आज दीपावली के समय बाजारों में रौनक है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं. उन्होंने कहा, "कोई बेटी को छेड़ नहीं सकता है, कोई करेगा तो उसको पता है कि जहन्नुम का रास्ता तय है."
किसानों और महिलाओं के लिए नए पैकेज का ऐलान
मुख्यमंत्री ने किसानों की स्थिति पर बोलते हुए कहा कि असमय साइक्लोन, अतिवृष्टि और अनावृष्टि के कारण किसानों को नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, "हम एक अलग पैकेज लेकर आएंगे जिससे 3 करोड़ किसान परिवार उससे लाभान्वित होंगे."
महिलाओं को लेकर सीएम योगी ने कहा कि नारी गरिमा की रक्षा के साथ डबल इंजन की सरकार तत्परता से काम कर रही है. उन्होंने महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए नया पैकेज लाने की बात भी कही.
UGC विवाद और गहराया! केशव मौर्य के कार्यक्रम में थप्पड़ कांड पर विनय कुमार मिश्रा का बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने कहा, "महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए पैकेज लाने जा रहे हैं, अब हर महिला आत्मनिर्भर होगी, उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर होगा."
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार में बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले महिलाएं सूर्य अस्त होने के बाद बाहर नहीं निकलती थीं, जबकि आज उद्योगों में महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं.






















