Prayagraj News हाईकोर्ट में भी वकीलों की हड़ताल, प्रदर्शन व नारेबाजी कर जताया विरोध
प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाई कोर्ट के वकील भी हड़ताल पर चले गये हैं। ये हड़ताल दिल्ली में पुलिस और वकीलों के बीच संघर्ष के लेकर की गई है।

प्रयागराज, एबीपी गंगा। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में वकीलों के साथ मारपीट और लाठीचार्ज की घटना के विरोध में इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील भी आज एक दिन की हड़ताल पर हैं। वकीलों ने सुबह बैठक करने के बाद अचानक हड़ताल का फैसला लिया और उसके बाद काम काज ठप्प कर सड़कों पर आ गए। प्रयागराज में हाईकोर्ट के साथ ही डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल और तहसीलों के साथ ही दूसरी अदालतों के वकील भी कामकाज ठप्प कर प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जता रहे हैं। हाईकोर्ट के वकीलों की हड़ताल की वजह से यूपी के अलग अलग हिस्सों से आए वादकारियों को आज मायूस होकर वापस लौटना पड़ा है।
हड़ताली वकीलों का कहना है कि आज के कार्य बहिष्कार के जरिये वह ये संदेश देना चाहते हैं कि समूचे देश के वकील एक हैं। दिल्ली की घटना को लेकर आज शाम यूपी बार काउंसिल की भी एक आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आठ नवम्बर को यूपी की सभी अदालतों में कामकाज ठप्प कर एक दिन की हड़ताल पर जाने का फैसला किया जा सकता है। वकीलों ने दिल्ली की घटना की निंदा की है और साथियों पर लाठी बरसाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है। प्रयागराज में हाईकोर्ट समेत दूसरी अदालतों में हड़ताल का ख़ासा असर दिखाई दे रहा है।























