UP Politics: 'जो INDIA को घमंडिया कहे वो खुद घमंडिया', अखिलेश यादव ने किसके लिए कही ये बात?
Akhilesh Yadav News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन को लेकर तरह-तरह की बातें करने वाली बीजेपी खुद कितनी कमजोर है. जो दल कुछ भी नहीं है उनके साथ भी वह गठबंधन को तैयार हैं.

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया को घमंडिया कहने वाले खुद सबसे बडे़ घमंडी हैं. आजतक के कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो इंडिया गठबंधन को घमंडिया कहे वो खुद घमंडिया है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में जितने भी दल और नेता हैं वे अपने राज्यों में बहुत ताकतवर हैं. लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन बीजेपी गठबंधन को केन्द्र की सत्ता से हटाने जा रहा है.
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन को लेकर तरह-तरह की बातें करने वाली बीजेपी खुद कितनी कमजोर है. इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जो दल कुछ भी नहीं है उनके साथ भी वह गठबंधन को तैयार हैं. जो दल बीजेपी को दिन रात कोसते थे और तमाम तरह के आरोप लगाते थे उनके भी सामने उसे झुकना पड़ रहा है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली बीजेपी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है. उत्तर प्रदेश में बीजेपी ऐसे दलों के सामने झुकी हुई है, जो उसे दिन रात बुरा भला कहते हैं.
यूपी सीएम परिवारवाद की वजह से गोरखपुर से सांसद बने
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने वाली बीजेपी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. बीजेपी अपनी कमियां छुपाती है और दूसरों पर उंगली उठाती है. आज बीजेपी देश की सबसे बड़ी परिवारवादी पार्टी है. उसकी सूची बहुत लंबी है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी खुद परिवारवाद की वजह से गोरखपुर से सांसद बने और गोरक्षनाथ पीठ के महंत बने. उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे ऊपर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं वे लोकतंत्र में चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























