प्रयागराज: होर्डिंग के विवाद में दबंगों ने सरेआम दुकानदार को पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
प्रयागराज में एक दुकानदार को पीटे जाने का वीडियो वायरल हो रहा है. इसके मुताबिक कुछ दबंग एक परचून की दुकान में घुसकर मारपीट करते हैं, यही नहीं, वहां मौजूद कई अन्य लोगों को भी पीटते हैं.

प्रयागराज. संगम नगरी प्रयागराज में एक परचून की दुकान में घुसकर दुकानदार को जमकर पीटने का वीडियो वॉयरल हो रहा है. इसके मुताबिक शाहगंज थाने के पास एक दुकान में कुछ लोग सरेआम घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करते हैं. जहां पर शुक्रवार को दिन में कुछ दबंग लोग एक दुकान में घुसते हैं और दुकानदार व वहां मौजूद दूसरे लोगों की बेरहमी से पिटाई करने लगते हैं. इस दौरान दुकान में रखे सामानों में तोड़फोड़ भी की जाती है.
दुकानदार का आरोप
इस घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार का यह भी आरोप है कि दबंगों ने उसके दुकान में घुसकर न सिर्फ उसे पीटा बल्कि दुकान के कैश बाक्स में रखे कैश औऱ सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी उठा ले गये. इसके अलावा दबंगों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है. पूरी घटना शाहगंज थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार का है, जहां पर बीजेपी के एक नेता को दूसरे भाजपा नेता ने ही उसके दुकान में घुसकर सरेआम पीटा है.
होर्डिंग को लेकर बढ़ा विवाद
आपको बता दे कि शाहगंज इलाके में रहने वाले बादल केशरवानी बीजेपी सांसद के समर्थक हैं और इलाके में बनी एक सड़क के निर्माण का श्रेय वो सांसद को देने के लिये इलाके में एक होर्डिंग लगवायी थी. जिसे किसी ने फाड़ दिया, जिसके बाद बादल ने कैबिनेट मंत्री के समर्थक अनूप केशरवानी व अन्य पर होर्डिंग फाड़ने का आरोप लगाया. जिसके बाद अनूप और उसके साथियों ने मिलकर बादल की दुकान पर हमला बोल दिया और उसकी जमकर पिटाई की. सरेआम दुकान में घुसकर पिटाई का वीडियो वॉयरल होने के बाद पुलिस ने बादल की तहरीर पर केस दर्ज मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के लोग मारपीट और धमकाने का आरोप लगा रहे हैं.
ये भी पढ़ें.























