मायावती ने आकाश आनंद को दी बड़ी जिम्मेदारी, अशोक सिद्धार्थ पर क्या कहा?
मायावती ने आकाश आनंद की तारीफ की और उन्हें BSP के आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी. साथ ही अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की अटकलों को खारिज कर दिया.

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आकाश आनंद की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अब पार्टी और मूवमेंट के कामों को परिवार और रिश्ते-नातों से ऊपर रखकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद पार्टी के कामों में तेजी से जुट गए हैं और बहुजन समाज के लोगों को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं.
मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आकाश आनंद के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी. साथ ही उन्होंने अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की अटकलों को भी खारिज कर दिया.
'BJP और बसपा से मिला कैबिनेट मंत्री पद का ऑफर', कांग्रेस नेता अजय राय का दावा
यूपी के 5 जिलों में जनसभाएं करेंगे आकाश आनंद
मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के 5 जिलों में बसपा की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इन कार्यक्रमों की शुरुआत 28 अक्टूबर 2026 को बुलंदशहर से होगी. इसके बाद 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में जनसभा होगी.
1. जैसाकि सर्वविदित है कि श्री आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बी.एस.पी. के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता (मैच्युरिटी) प्रदर्शित करते हुये बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी ज़िम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेज़ी से लग गये हैं, जबकि ’बहुजन समाज’ के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है। 2. इसी क्रम में श्री आकाश आनन्द आगामी दिनांक 28 अक्तूबर 2026 को ज़िला बुलन्दशहर में, 02 नवम्बर को जिला सहारनपुर में, 20 नवम्बर को ज़िला अयोध्या में, 22 नवम्बर को ज़िला आगरा में तथा दिनांक 29 नवम्बर 2026 को ज़िला कानपुर नगर में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। 3. साथ ही, आगामी 26 नवम्बर 2026 को ’संविधान दिवस’ के मौक़े पर पंजाब स्टेट में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित ’विचार संगोष्ठी समारोह’ में वे मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसके बाद वे देश में दलितों, अति-पिछड़ों व अन्य उपेक्षित बहुजनों के मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण (पुण्यतिथि) दिवस पर आगामी 06 दिसम्बर 2026 को उत्तराखण्ड राज्य के ज़िला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह/जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। 4. इस प्रकार से श्री आकाश आनन्द द्वारा बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों में पूरे जी-जान से अब लग जाने से एक बार पुनः यह साबित होता है कि पिछले दिनों जो भी अप्रिय घटनाक्रम हुये है तो उसके लिये श्री आकाश आनन्द कम व उनके रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ ज़्यादा ज़िम्मेवार हैं, तभी इनको पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी सन्यास लेने की सलाह दी गयी। 5. किन्तु स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को क़िस्म-क़िस्म के हथकण्डे अपनाकर वरग़लाने का काम अभी भी लगातार जारी है, जिससे पार्टी के सभी लोग ज़रूर सावधान व सतर्क रहें और श्री आकाश आनन्द को साैंपे गये सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन, धन से लग कर उन्हें जरुर सफल बनायें। 6. साथ ही, इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें कि श्री आकाश आनन्द की तरह श्री अशोक सिद्धार्थ को भी पूर्व की तरह पार्टी में पुनः वापस ले लिया जायेगा। ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है अर्थात् अब श्री अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में व किसी भी क़ीमत पर फिर से पार्टी में पुनः वापिस नहीं लिया जायेगा। 7. यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि श्री आनन्द कुमार के छोटे बेटे श्री ईशान आनन्द, जो वकालत की अपनी पढ़ाई लंदन से पूरी कर चुके हैं, वे भी मेरे (पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के) दिशा-निर्देशन में, एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बी.एस.पी. के दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में ख़ासकर पार्टी के चुनाव व अन्य पेपरवर्क आदि से सम्बंधित कार्यों में भी सहयोग करेंगे।
— Mayawati (@Mayawati) October 18, 2026
मायावती ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत और लगन के साथ इन आयोजनों में जुटना चाहिए.
आकाश आनंद 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के मौके पर पंजाब में बसपा की ओर से आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस दौरान वह अपने विचार रखेंगे.
इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह और जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
अशोक सिद्धार्थ को लेकर मायावती ने क्या कहा?
मायावती ने अपने बयान में अशोक सिद्धार्थ को लेकर भी स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पार्टी में जो अप्रिय घटनाक्रम हुए, उनमें आकाश आनंद की तुलना में उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार थे. इसी वजह से अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया गया और उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई.
मायावती ने साफ कहा कि अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में दोबारा वापसी को लेकर फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में और किसी भी कीमत पर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा.
ईशान आनंद भी पार्टी के कामों में करेंगे सहयोग
मायावती ने यह भी बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद अब बसपा के कामों में सहयोग करेंगे. ईशान लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं. मायावती के दिशा-निर्देशन में वह दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे. वह खास तौर पर पार्टी के चुनाव से जुड़े कामों और दूसरे जरूरी कागजी कार्यों में सहयोग करेंगे.
आजमगढ़: प्रेमिका के घर मिलने गए प्रेमी की संदिग्ध मौत, हिरासत में युवती
मायावती ने पार्टी के लोगों को स्वार्थी तत्वों की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहने को कहा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आकाश आनंद को सौंपी गई जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की.





















