लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी भीषण आग, 200 मरीज थे भर्ती, सभी सुरक्षित रेस्क्यू
Lucknow Hospital Fire: आग लगने के बाद धुएं और लपटों से पूरा फ्लोर भर गया. मरीजों और तीमारदारों में अफरातफरी मच गई. किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है.

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में सोमवार (14 अप्रैल) की रात करीब साढ़े दस बजे भीषण आग लग गई. लपटों ने विकराल रूप ले लिया. धुएं और लपटों से पूरा फ्लोर भर गया जिससे मरीजों और तीमारदारों में अफरातफरी का मौहाल बन गया. पौन 12 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया. जैसे ही घटना की जानकारी मिली फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया. यहां पर करीब 200 मरीज भर्ती थे. ये अस्पताल एक दशक पुराना है. कोविड के दौरान यहां मिलने वाली सुविधाओं की वजह से ये अस्पताल चर्चा में रहा था.
आगे से कोई हताहत नहीं
आग लगने के बाद धुआं इतना घना कि सांस लेना मुश्किल हो गया. पूरा फ्लोर खाली कराया गया. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. इस घटना से अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया.
सीएम योगी ने घटना का लिया संज्ञान
लोकबंधु अस्पताल में लगी आग का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया. फ़ोन पर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली. गंभीर रोगियों को दूसरे सेंटर में ले जाया गया.
करीब 200 मरीज भर्ती थे- डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा, "तृतीय तल पर धुआं देखा गया. उसके बाद अस्पताल के चिकित्सकों और पैरा मेडिकल के स्टाफ ने तत्काल मरीजों को शिफ्ट करना शुरू किया. लगभग 200 मरीजों को शिफ्ट किया गया और जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. अब कोई चिंता की बात नहीं है. फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बिल्डिंग के अंदर आग बुझाने का काम कर रहे हैं."
कोई मरीज हताहत नहीं- डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी कोई भी मरीज हताहत नहीं है. सभी सकुशल हैं. दो तीन मरीज जो यहां पर सीरियस भर्ती थे उन्हें केजीएमयू के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया है.
कारणों का पता लगाया जा रहा है- डीसीपी साउथ
DCP साउथ निपुण अग्रवाल ने कहा कि लोकबंधु अस्पताल से सभी को रेस्क्यू किया गया. आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.






















