गोरखपुर: बारात में नाचने के दौरान फोटो खींचने के विवाद में हुई मारपीट, युवक की मौत
गोरखपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक की मौत हो गई. विवाद बारात में नाचने के दौरान फोटो खींचने को लेकर हुआ था.

गोरखपुर: बारात में नाचने के दौरान फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद में एक गांव के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. मारपीट में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
दो पक्षों के बीच हुई मारपीट गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनूं चौकी के उसका गांव में बीती रात दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक की मौत हो गई. उसका गांव से राम उजागीर के लड़के राजकपूर की बारात पीपीगंज थाना अंतर्गत डाड़ाडीह गई हुई थी. वहां स्टेज पर जयमाल कार्यक्रम के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर 22 वर्षीय शिवा उर्फ छोटू पुत्र रामकिशुन और शत्रुघ्न पुत्र रामसोहीत के बीच फोटो खिंचवाने को लेकर तू-तू मैं-मैं हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करा दिया.
घटना के बाद गांव में तनाव बारात से घर वापस आए शत्रुघ्न ने गोलबंद होकर शिवा उर्फ छोटू के घर पर जाकर मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान शिवा के सिर पर ईंट-पत्थर से गंभीर चोट लग गई. जिससे वो अचेत हो गया. परिजनों ने देर रात 11:30 बजे पीआरवी 112 और स्थानीय चौकी मजनूं को सूचना दी. मौके पर चिलुआताल पुलिस और पीआरवी युवक को देर रात 12:05 बजे पीएचसी जंगल कौड़िया एंबुलेंस से लेकर गई. जहां पर डॉक्टरों ने सिर में चोट अधिक होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक शिवा चार भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का है. घटना से गांव में तनाव व्याप्त हो गया है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ विवाद गोरखपुर के एसपी नॉर्थ अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि चिलुआताल थानाक्षेत्र के उसका गांव में बारात के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. दोनों पक्षों की ओर से मारपीट में एक पक्ष का 22 वर्षीय शिवा घायल हो गया. उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
ये भी पढ़ें:




















