Coronavirus: यूपी में कोरोना संक्रमण के 273 नए मामले आए सामने, घर लौट रहे श्रमिक इस बात का जरूर रखें ध्यान
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है. 24 घंटे में प्रदेश में 273 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं. जब से प्रवासी कामगार और श्रमिक प्रदेश में लौट रहे हैं पाजिटिव मामलों की संख्या बढ़ रही है.

लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 273 नए मामले सामने आए हैं. प्रमुख सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 24 घंटे में प्रदेश में 273 नए प्रकरण सामने आए हैं. प्रदेश में ऐसे मरीजों की संख्या 2606 है जिनका अभी इलाज चल रहा है और 3581 लोग पूर्णतया उपचारित होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं. जबकि, कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से 165 लोगों की जान जा चुकी है.
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पृथक वार्ड में 2711 लोग हैं, जिनका एल—1, एल—2 और एल—3 चिकित्सालयों एवं मेडिकल कॉलेजों में उपचार चल रहा है. पृथक वास केन्द्रों पर 10, 270 लोगों को रखा गया है. उन्होंने बताया कि रविवार को 7314 नमूनों की जांच की गई, कुल 936 पूल लगाये गए जिनमें 736 पूल पांच-पांच सैम्पल के और 200 पूल 10 सैम्पल के थे. 736 पूल में से 110 पूल पाजिटिव निकले.

प्रमुख सचिव ने कहा कि जब से प्रवासी कामगार और श्रमिक प्रदेश में लौट रहे हैं, पूल में भी पाजिटिव मामलों की संख्या बढ़ रही है, इसीलिए हम लोग बार-बार कह रहे हैं कि जो भी प्रवासी कामगार आये हैं, वो अपने 21 दिन का घर पर पृथक वास अवश्य पूरा करें. समाज में संक्रमण रोकने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि निगरानी का कार्य लगातार चल रहा है. हॉट स्पाट (संक्रमण से अधिक प्रभावित इलाके) और नॉन हॉट स्पाट वाले 11 हजार 920 इलाकों में सर्वेक्षण का कार्य हुआ है. कुल 72 लाख 18 हजार 440 घरों में तीन करोड 62 लाख 29 हजार 716 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है.

अमित मोहन प्रसाद ने ने बताया कि आरोग्य सेतु ऐप का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है. आशा कार्यकर्ताओं ने आठ लाख 50 हजार 899 प्रवासी कामगारों का सर्वेक्षण किया, जिनमें से 892 कामगार लक्षणों वाले मिले. उनके नमूने लेकर जांच की जा रही है.


















