Lok Sabha ELection 2024: यूपी में मिशन 80 पूरा करने के लिए बीजेपी ने लिया बड़ा फैसला, शुरू की नई मुहिम, जनता को ऐसे लाएगी अपने साथ
लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों को ध्यान में रखकर बीजेपी ने 'वोटर चेतना अभियान' की शुरुआत की है. इसके तहत प्रदेश में बीजेपी ने सवा करोड़ मतदाता बढ़ाने का लक्ष्य रखा है.

Lok Sabha Elections: भारतीय जनता पार्टी ने 2024 चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है और यूपी की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने के लिए "वोटर चेतना अभियान" की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में सवा करोड़ नए मतदाता बनाने की मुहिम पर काम करेगी. भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्य रखा है कि प्रदेश के 1.61 लाख मतदाता बूथों में हर बूथ पर 100 मतदाताओं को बढ़ाना है तो वहीं 25 फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से कटवाना है, इसकी जिम्मेदारी जिलाअध्यक्षों को दी गई है. इस अभियान के मुताबिक हर विधानसभा क्षेत्र में तकरीबन 20,000 मतदाताओं का नाम बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, इसमें खास तौर पर महिला और युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने का एजेंडा है जो अभी तक किन्हीं कारण से मतदाता नहीं बन पाए हैं.
अपने मतदाताओं के नाम बढ़ाने पर जोर
भारतीय जनता पार्टी ने इसको लेकर प्रदेश मुख्यालय पर एक बैठक की जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने की. इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता समेत पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे. इस अभियान पर बात करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि अन्य दलों की ओर से भी अपने मतदाताओं के नाम बढ़ाने और दूसरे दलों के मतदाताओं के नाम कटवाने पर जोर दिया जाता रहा है, तो उसी कड़ी में बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी अपनी विचारधारा से जुड़े हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है, जो लोग नहीं जुड़े हैं उनको जोड़ना है.
उन्होंने कहा कि इसमें पहले मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है और फिर उनसे लगातार संपर्क में रहकर उनको अपनी विचारधारा से जोड़े रहना है. इस महाअभियान में प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक बीजेपी कमेटी गठित करने जा रही है. इस कमेटी में मतदाता सूची प्रमुख, सह प्रमुख, आईटी टीम के सदस्य, सांसद और विधायक शामिल रहेंगे.
युवा और महिला टारगेट
बीजेपी का टारगेट युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर है. इस अभियान के तहत पन्ना प्रमुखों को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी, जिसमें वह अपने पन्ने में दर्ज सभी 60 मतदाताओं के घर लगातार जाकर उनसे जनसंपर्क करेंगे साथ ही जिन मतदाताओं के नाम 2022 की विधानसभा चुनाव के समय मतदाता सूची से कट गए थे, उनके नाम भी दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराएंगे.
हर बूथ पर 100 मतदाता बढ़ाए जाएं
बीजेपी के लक्ष्य के मुताबिक उसे सभी 1,61,000 बूथों पर 100-100 नए मतदाता बनाने हैं, जिससे मतदाताओं की संख्या 1.61 करोड़ बढ़ जाएगी, इसके साथ ही हर बूथ से 25 फर्जी मतदाताओं के नाम कटवाने हैं, जिससे 40.30 लाख मतदाताओं के नाम कट जाएंगे. इस तरीके से मतदाता सूची में कुल 1.20 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम बढ़ जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः
UP Cabinet Meeting: यूपी कैबिनेट की बैठक में पास हुए 23 अहम प्रस्ताव, योगी सरकार ने लिए ये बड़े फैसले























