बस्ती में डॉक्टर ने चुराई थी पैथोलॉजी से अल्ट्रासाउंड मशीन, पुलिस ने दबोचा
बस्ती की कप्तानगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने 23 सितंबर की रात सत्या पैथोलॉजी में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी के सामान के साथ डॉक्टर को गिरफ्तार किया है.

बस्ती की कप्तानगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने सत्या पैथोलॉजी में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. गिरोह के तार बस्ती से लेकर लखनऊ तक जुड़े हुए थे. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान करीब 46 लाख रुपये कीमत की अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ एक शातिर डॉक्टर को गिरफ्तार किया है.
दरअसल, यह पूरा मामला 23 सितंबर की रात का है. जब अज्ञात चोरों ने कप्तानगंज कस्बे में स्थित सत्या पैथोलॉजी का ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, अन्य तकनीकी उपकरण और नगदी पर हाथ साफ किया था. पुलिस के सामने उलझी इस चोरी का खुलासा करना एक बड़ी चुनौती बन गया था, जिसके बाद कप्तानगंज थाने की पुलिस और सर्विलांस टीम को इस खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
रामदेव के बयान पर AIMIM बोली- 'नकली घी नहीं बिक रहा तो सपा-BJP के लिए माहौल बना रहे'
पुलिस ने चोरी के सामान के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का जाल बिछाते हुए लगातार सुराग इकट्ठा किया. संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए बिहरा मोड़ के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे अंतरजनपदीय आरोपी विपिन पांडेय को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 46 लाख कीमत वाली दो अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें और इस वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की एक वैगनआर कार को बरामद किया.
पेशे से डॉक्टर है आरोपी
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि विपिन पांडेय पेशे से डॉक्टर है. उसने बीफार्मा का कोर्स किया हुआ है लेकिन उस की करतूतें सिर्फ बस्ती जिले तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसने लखनऊ के एक नामी डायग्नोस्टिक सेंटर से भी इसी तरह शातिराना अंदाज में मशीन चोरी की घटना को अंजाम दिया था. यानी यह अपराधी अकेले बस्ती नहीं बल्कि लखनऊ तक फैला एक बड़ा चोर नेटवर्क चला रहा था.
डीएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि दिनांक 23 सितंबर की रात में थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती के कस्बा स्थित सत्या पैथोलॉजी में अज्ञात चोरों द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप और नकदी की चोरी की गई थी. इसी तरह की एक अन्य घटना सोलह अक्टूबर को लखनऊ के थाना नखास क्षेत्र में भी घटित हुई थी. सर्विलांस टीम और कप्तानगंज पुलिस ने अथक परिश्रम कर इस घटना का खुलासा किया गया.
3 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त विपिन पांडेय के कब्जे से कप्तानगंज से चोरी हुई लगभग 8 लाख रुपये कीमत की अल्ट्रासाउंड मशीन और लखनऊ के नखास से चोरी हुई लगभग 38 लाख रुपये कीमत की अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में तीन अन्य अभियुक्त फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
फिलहाल कप्तानगंज पुलिस इस अंतरजनपदीय गिरोह की जड़ें खंगालने में जुटी हुई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी की साजिश में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और इन चोरी की गई महंगी मशीनों को वह आगे कहां और किसे खपाने की फिराक में था.
UP कैबिनेट का फैसला, प्रयागराज में HC अधिकारियों के लिए बनेंगे 845 नए आवास





















