आगरा: पत्नी के रील बनाने से नाराज था पति, हत्या कर लाश के साथ तीन दिन रहा शख्स
UP News: आगरा में पत्नी का रील बनाना इतना नागवार गुजरा की पति ने हत्या कर दी और तीन दिनों तक उसी कमरे में शव के साथ रहा. पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया है.

Agra News: आगरा में एक पति ने न केवल अपनी पत्नी की हत्या की बल्कि लाश के साथ तीन दिन पर कमरे में ही रहा. घटना को अंजाम देने के बाद भी पति सामान्य जीवन जीने का नाटक करता रहा. आरोपी ने पत्नी का गला काटा, कलाई काटी फिर उसकी हत्या की. तीन दिन तक पति पत्नी के शव के साथ रहा. घटना की जब जानकारी मृतका की बहन को हुई थी तो पैरों तले जमीन खिसक गई और जब हत्या की वजह सामने आई तो सब चौंक गए. यह मामला थाना नाई की मंडी क्षेत्र सुंदर पाड़ा का है.
जानकारी के मुताबिक, पति शक्ति सिंह और पत्नी पार्वती की दो साल पहले लव मैरिज हुई थी. दोनों सुंदर पाड़ा में रह रहे थे. कुछ समय तक तो सब ठीक चला पर फिर दोनों के बीच झगड़े होने लगे. मृतका पार्वती की बहन गीता भी दूर पर ही रहती है. दोनों बहनों का एक दूसरे के यहां आना जाना रहता था. पिछले तीन दिनों से गीता की मृतका पार्वती से बात नहीं हुई. उसके बाद गीता अपनी बहन पार्वती के घर पहुंची तो नजारा देखकर उसके उड़ गए. पार्वती का शव कमरे में पड़ा हुआ था, गर्दन कटी हुई थी कलाई पर भी कटने का निशान थे. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतका का शव तीन दिन पुराना बताया गया है.
पत्नी का रील बनाना नहीं था पसंद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति शक्ति सिंह को पत्नी पार्वती का रील बनाना पसंद नहीं था. पत्नी पार्वती को रील बनाने का शौक था, वह मोबाइल से सील बनाती थी. पत्नी का रील बनाना पति शक्ति को पसंद नहीं था और इसे लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता था. इतना ही नहीं पत्नी पार्वती का अन्य लोगो से बात करना भी पति को पसंद नहीं था.
दोनों ने किया था प्रेम विवाह
आरोपी पति शक्ति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पत्नी रील बनाने के लिए अन्य युवकों से बात करती है, जब उसे टोकता था तो झगड़ा हो जाता था. इसलिए तय कर लिया था कि इसे रास्ते से हटा दूंगा. मौका मिला तो पार्वती की गर्दन ब्लेड से काट दी और मन में डर था कि कहीं जिंदा न बच जाए इसलिए हाथ की नश भी काट दी. घटना को अंजाम देने के बाद वह तीन दिन में उसी कमरे में लाश के साथ रहा और आम दिनों की तरह लोगो से बात करता रहा ताकि किसी को शक न हो. आरोपी ने बताया कि, कुछ साल पहले हमारी मुलाकात हुई थी और फिर दोनों प्रेम संबंध बन गए. दोनों ने अपनी मर्जी से शादी कर ली.
ये भी पढ़ें: Ram Lalla Surya Tilak: राम नवमी पर कहां देख सकते हैं राम लला का सूर्य तिलक? यहां जानें- सब कुछ






















