Rajasthan: 'बेटियों के सामने हमारे सिर शर्म से झुके', डूंगर में नाबालिग से रेप मामले पर बोले गजेंद्र सिंह शेखावत
Dungarpur Rape Case: सरकारी स्कूल में नाबालिग बच्चियों से रेप की घटना को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बेटियों के सामने हमारे सिर शर्म से झुके हैं.

Rajasthan Rape Case: राजस्थान में बीजेपी सहित अन्य विपक्षी दल "लॉ एंड ऑर्डर" और महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार गहलोत सरकार को घेर रही हैं. विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने बाकी है. राजस्थान के डूंगरपुर की एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल ने हैवानियत की हदें पार करते हुए नाबालिग 6 बच्चियों के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. इस मामले को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहलोत सरकार पर जोरदार हमला बोला. शेखावत ने कहा कि बेटियों के सामने हमारे सिर शर्म से झुके हैं, क्योंकि शिक्षा के मंदिर स्कूल तक में हैवान पसरे हैं.
सदन में लगाती रही ठहाके
गजेंद्र सिंह शेखावत ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने कभी रेप की घटनाओं को बेटियों की नजर से देखने की कोशिश नहीं की, उल्टे रेप को मर्दानगी से जोड़कर सदन में ठहाके लगाती रही. बेटियां भी सब देखती हैं और सुनती हैं. उन्हें कैसा लगता होगा? शेखावत ने कहा कि काश, सरकार लिंगभेद न करते हुए कड़े इंतजाम करती, राजस्थान तब रेप के मामलों में शर्मिंदगी के साथ सबसे ऊपर नहीं होता.
शोषण का मामला आया सामने
दरअसल, राजस्थान के डूंगरपुर जिले से यौन शोषण का मामला सामने आया है. नाबालिग 6 छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी प्रिंसिपल रमेश चंद्र कटारा को कोर्ट ने 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस पूछताछ में प्रिंसिपल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल रमेश चंद्र कटारा स्कूल के अलावा निजी आवास पर भी छात्राओं को बुलाता था और यौन शोषण करता था.
प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ का आरोप
डूंगरपुर के सदर थाने में छात्राओं ने मामला दर्ज करवाया था. नाबालिग छात्राओं ने अपने ही स्कूल के प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के साथ ही रेप करने के आरोप लगाए हैं. इस मामले में जिला कलेक्टर से शिकायत की गई उसके बाद आरोपी प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. गौरतलब है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर हर परिवार चिंतित है आए दिन महिलाओं और बच्चियों के साथ बढ़ रहे यौन शोषण के मामले हर किसी को परेशान कर रहे हैं.























