'दिल्ली के दिल में मोदी', Delhi के चुनाव नतीजों पर क्या बोले राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा?
Delhi Election Result 2025: दिल्ली का विधानसभा चुनाव बीजेपी ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत लिया है. दिल्ली में मिली सफलता पर राजस्थान बीजेपी गदगद है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी बयान दिया है.

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली के चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. 27 साल बाद बीजेपी दिल्ली में कमल खिलाने जा रही है. बीजेपी की प्रचंड जीत पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने से विकास होगा. बता दें कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल की आप को हराकर दिल्ली का दंगल जीत लिया है.
विधानसभा चुनाव में आप के दिग्गजों की हार हुई है. ऐसे में प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी सरकार बनाने की ओर अग्रसर है. दिल्ली की जीत से राजस्थान बीजेपी भी उत्साहित है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और जनहितैषी योजनाओं पर राष्ट्रीय राजधानी की जनता ने मुहर लगाई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए लिखा, "दिल्ली के दिल में मोदी."
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचण्ड विजय पर देवतुल्य जनता का आभार, जीते हुए समस्त प्रत्याशियों एवं सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को बधाई।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) February 8, 2025
'विकसित भारत-विकसित दिल्ली' की संकल्पना की सिद्धि को समर्पित यह ऐतिहासिक जीत आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में केंद्र… pic.twitter.com/m5YonYpbHW
बीजेपी को मिली सफलता पर क्या बोले CM भजनलाल शर्मा?
सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जो कहते हैं वह करते है, इसलिए दिल्ली की जनता ने जनादेश बीजेपी को दिया है.” मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सभी वरिष्ठ नेताओं को बधाई दी.
पीएम मोदी के साथ दिल्ली की जनता का प्रकट किया आभार
बीजेपी पर भरोसा जताने के लिए उन्होंने दिल्ली की जनता का भी आभार प्रकट किया. बता दें कि बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी खुशी का ठिकाना नहीं है. दिल्ली की जीत का जश्न जमकर मनाया जा रहा है. दिल्ली के नतीजों पर आम आदमी पार्टी में उदासी है. दूसरी तरफ बीजेपी जीत के जश्न में डूबी हुई है.
ये भी पढ़ें-
जालोर में नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, मिल्क डेयरी की आड़ में चल रहा था कारोबार























