गजेंद्र सिंह शेखावत का निशाना, 'देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस...'
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष के सवाल उठाने और चुनावी हार के बाद निर्वाचन प्रक्रिया पर संदेह जताने के रवैये को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया.

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि संविधान की आत्मा संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, स्थायित्व और विश्वसनीयता में बसती है. साल 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद विपक्षी दलों की ओर से इन संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाना और उन्हें कमजोर करने की कोशिश करना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है.
जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे शेखावत ने कहा कि न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग और सरकार के कामकाज से जुड़ी संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करती है. देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस और उसके नेतृत्व को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक हितों को पूरा करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लंबे समय में देश और लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.
अतर सिंह भड़ाना मर्डर: चोट के 41 निशान, 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
SIR पर विपक्ष के रुख को बताया चयनात्मक
मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर शेखावत ने विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पंजाब और तमिलनाडु जैसे राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया और चुनावी नतीजों को लेकर विपक्ष वैसा विरोध नहीं करता, जैसा पश्चिम बंगाल में चुनावी परिणामों के बाद देखने को मिलता है.
शेखावत के मुताबिक, जहां कांग्रेस और विपक्षी दलों को चुनाव में सफलता मिलती है, वहां वे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन हार मिलने पर निर्वाचन प्रक्रिया पर संदेह जताने लगते हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनावी नतीजों को राजनीतिक फायदे के हिसाब से स्वीकार करना या उन पर सवाल उठाना उचित नहीं है.
अतर सिंह भड़ाना की हत्या को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के साथ मारपीट और उनकी हत्या के मामले पर शेखावत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया. उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला जांच का विषय है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए.
शेखावत ने कहा कि अतर सिंह भड़ाना वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं. उनके साथ उनके व्यक्तिगत संबंध भी थे. किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह की हिंसा और अराजकता गंभीर विषय है. मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस की लाठी-डंडों की चेतावनी, BJP बोली- मुंहतोड़ जवाब देंगे
पंचायत चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत की उम्मीद
आगामी पंचायत चुनावों को लेकर शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी की जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि जिस तरह नगर निकाय चुनावों में भाजपा को सफलता मिली है, उसी तरह पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने की उम्मीद है.





















