कांग्रेस के साथ मिलकर बड़े आंदोलन की तैयारी में CJP, यहां से होगी शुरुआत?
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता दीपक बालियान ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि सीजेपी किसी भी पार्टी की B टीम नहीं है. यह देश के जागरूक युवाओं की आवाज है.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है. पार्टी का कहना है कि अगर उसे दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन नहीं करने दिया गया तो सीजेपी देश के तमाम राज्यों के बड़े शहरों में एक साथ आंदोलन चलाएगी. देश के बड़े शहरों को ही दिल्ली का जंतर मंतर बना दिया जाएगा. इसकी शुरुआत दस दिनों के अंदर राजस्थान से कर दी जाएगी.
सीजेपी का यह भी कहना है कि चुनाव आयोग के खिलाफ और लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन कर रही सभी पार्टियों को एकजुट होकर काम करना चाहिए. सभी को एक प्लेटफार्म पर लाने की जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी की है. कांग्रेस पार्टी को हमसे भी बात करनी चाहिए.
'सीईसी के खिलाफ खत्म नहीं हुआ आंदोलन'
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता दीपक बालियान ने सोमवार (12 अक्टूबर) को जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन ना तो खत्म किया गया है और ना ही इसे स्थगित किया गया है. हम हर हाल में दिल्ली के जंतर मंतर पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. जिस भी दिन कामयाब हो गए, उसी दिन से जंतर मंतर पर धरने की शुरुआत हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील करने के साथ ही देश के तमाम हिस्सों में ट्रेन व बसें रोके जाने और लोगों को अवैध तरीके से हिरासत में लिए जाने का काम पूरी तरह से गैरकानूनी और अलोकतांत्रिक है.
'देश के बड़े शहरों में आंदोलन करेगी सीजेपी'
प्रवक्ता दीपक बालियान के मुताबिक अगर सरकार अपने तानाशाही रवैये पर अड़ी रही तो सीजेपी देश के कई राज्यों के बड़े शहरों में अपने आंदोलन की शुरुआत करेगी. तमाम शहरों को जंतर मंतर बनाने का काम किया जाएगा. फिलहाल यह तय किया गया है कि इसकी शुरुआत राजस्थान से की जाएगी. अगर दिल्ली में आंदोलन नहीं कर सके तो अगले 10 दिनों में राजस्थान से चुनाव आयोग के खिलाफ बड़े आंदोलन का बिगुल फूंका जाएगा.
'एकजुट होकर करना चाहिए आंदोलन'
दीपक बालियान का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की मनमानी के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के साथ ही कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल भी आंदोलन कर रहे हैं. हम एक बड़े मुद्दे के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लिहाजा अगर कोई भी एकजुट होकर आंदोलन करने की पहल करता है तो यह अच्छा कदम होगा. इससे आंदोलन को और मजबूती मिलेगी.
'हमें मिलने का समय दे कांग्रेस'
दीपक बालियान का दावा है कि कॉकरोच जनता पार्टी मीडिया के जरिए कांग्रेस पार्टी को इस बात का संदेश दे रही है कि वह हम लोगों को बातचीत के लिए समय दे और साथ मिलकर आंदोलन करने की पहल करें. उनके मुताबिक सीजेपी किसी भी पार्टी की B टीम नहीं है. यह देश के जागरूक युवाओं की आवाज है.






















