भरतपुर में गैस संकट से हाहाकार, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, होटलों-शादियों पर पड़ा भारी असर
Bharatpur LPG Crisis: भरतपुर में घरेलू और कमर्शियल LPG गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत ने हाहाकार मचा दिया है. शादियों के सीजन में आपूर्ति बाधित होने से लोग घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं.

घरेलू और कमर्शियल एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत ने भरतपुर जिले में हाहाकार मचा दिया है. रसोई गैस न मिलने की चिंता में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है.
वहीं, शादियों के पीक सीजन में कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर लगी कथित रोक ने आम जनता से लेकर होटल और मैरिज होम संचालकों की रातों की नींद उड़ा दी है.
घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे लोग
घरेलू गैस सिलेंडर हासिल करने के लिए लोग सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में लगने को मजबूर हैं. लाइन में खड़े परेशान उपभोक्ताओं का कहना है कि घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. कई एजेंसियों द्वारा ग्राहकों को खाली हाथ वापस लौटाया जा रहा है और 5 दिन बाद सिलेंडर मिलने की बात कही जा रही है. इस स्थिति ने लोगों में यह खौफ पैदा कर दिया है कि अगर गैस नहीं मिली, तो उनके घरों की रसोई कैसे चलेगी.
शादियों के सीजन में कमर्शियल गैस पर 'रोक' से मचा हड़कंप
जिले में इन दिनों शादियों का सीजन जोरों पर है, लेकिन ऐसे समय में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से भारी संकट खड़ा हो गया है. जिन घरों में शादियां हैं, उन्हें खाना बनवाने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है. कमर्शियल सिलेंडर न मिलने के कारण होटल मालिक, मैरिज होम संचालक और मिठाई की दुकानों वाले बेहद चिंतित हैं. कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अपना कारोबार बंद होने का डर सताने लगा है.
क्या कहता है प्रशासन? (जिला रसद अधिकारी का बयान)
इस पूरे मामले पर भरतपुर के जिला रसद अधिकारी (DSO) पवन अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि गैस कंपनियों द्वारा आपूर्ति लगातार की जा रही है, लेकिन गैस खत्म होने के डर से लोग 'एडवांस' में सिलेंडर लेने के लिए उमड़ रहे हैं, जिससे यह कृत्रिम किल्लत (Panic Buying) की स्थिति बन गई है.
कमर्शियल सिलेंडरों पर रोक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विभाग को फिलहाल सरकार की तरफ से ऐसा कोई आधिकारिक लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि यदि कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं होती है, तो होटल, मैरिज होम और मिठाई विक्रेताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.























