राजस्थान: अशोक गहलोत बोले, '50% पदों पर 50 साल के कम आयु के जिला अध्यक्ष बनेंगे'
Jaipur News: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं से संगठन सृजन अभियान में नए जिला अध्यक्ष को सभी से सहयोग करने के लिए कहा है.

जयपुर में शुक्रवार (24 अक्टूबर) सिविल लाइंस आवास पर हुई प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चल रहे कांग्रेस संगठन सृजन अभियान पर कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. उदयपुर घोषणा के बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसके तहत 50 फीसदी पदों पर 50 वर्ष से कम आयु के जिला अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय हुआ.
कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं पर्यवेक्षक
अशोक गहलोत ने बताया कि राजस्थान के प्रत्येक जिले में वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों को पर्यवेक्षकों के रूप में भेजा गया है. जो निष्पक्ष तरीके से फीडबैक लेकर संगठन को सुदृढ़ करेंगे. गहलोत ने कहा कि इस प्रक्रिया में कोई भी कांग्रेस नेता पर्यवेक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क या सिफारिश न करे ताकि चयन पूर्ण पारदर्शिता और ईमानदारी से हो सके, तभी यह कार्यक्रम हाईकमान की मंशा के अनुरूप सफल हो सकेगा.
गहलोत ने कहा, "यदि हम सच्चे मन से काम करना चाहते हैं तो हाईकमान के निर्णय का सम्मान करना जरूरी है. चयन के बाद सभी नेताओं को नए बनाए गए जिला अध्यक्ष का स्वागत और सहयोग करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस तभी मजबूत होगी जब हम सब मिलकर संगठन के प्रति निष्ठा और एकता प्रदर्शित करनी चाहिए."
सभी से साथ काम करने के लिए कहा
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी बड़ी होती है और संगठन के पदाधिकारियों को सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर चलती है, इसलिए देश के हित में कांग्रेस का मजबूत बनना आवश्यक है.
बता दें, कांग्रेस पार्टी की ओर से राजस्थान के सभी जिलों के लिए नए जिला अध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया चल रही है. पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेताओं से लेकर पूर्व मंत्रियों को पर्यवेक्षक बनाकर राज्य में भेजा गया है.






















